नई दिल्ली, 26 अप्रैल: धोनी ने बुधवार को आरसीबी के खिलाफ अपने चिरपरिचित अंदाज में छक्का जड़कर चेन्नई को आरसीबी के खिलाफ जोरदार जीत दिलाई। आरसीबी से मिले 206 रन के लक्ष्य के जवाब में धोनी ने आखिरी ओवर की चौथी गेंद पर कोरी एंडरसन के खिलाफ छक्का जड़ते हुए चेन्नई को 5 विकेट से शानदार जीत दिलाई।
धोनी के इस छक्के ने एम चिन्नास्वामी स्टेडियम में मौजूद उनकी पत्नी साक्षी और चेन्नई के हजारों फैंस को झूमने का मौका दे दिया। धोनी ने आईपीएल इतिहास में चौथी बार अपनी टीम को छक्का जड़कर जीत दिलाई।
धोनी के हर एक छक्के पर साक्षी उनका उत्साह बढ़ाती नजर आई। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में चेन्नई के पारी के 18वें ओवर में वह धोनी से एक और छक्का लगाने के लिए कहती दिखीं। मोहम्मद सिराज के इस ओवर की आखिरी गेंद पर धोनी ने छक्का जड़ा था, जिसके बाद साक्षी स्टैंड से ही उन्हें एक और छक्का जड़ने का इशारा करती दिखीं। (पढ़ें: IPL 2018: चेन्नई vs आरसीबी मैच में हुई छक्कों की बरसात, टूट गए सारे रिकॉर्ड)
हालांकि स्टेडियम में मौजूद आरसीबी के कप्तान विराट कोहली की पत्नी अनुष्का शर्मा निराश दिखीं। धोनी के हर छक्के के साथ अनुष्का के चेहरे पर शिकन साफ देखी जा सकती थी क्योंकि उन्हें अंदाजा हो गया था कि अगर वह खेलते रहे तो मैच आरसीबी के हाथ से निकलना तय है। साक्षी और अनुष्का अलावा इस मैच में सुरेश रैना की पत्नी प्रियंका और इमरान ताहिर की पत्नी सुम्मैया दिलदार भी मौजूद थीं। (पढ़ें: IPL 2018: फिर चमका धोनी का बल्ला, टी20 में 5000 रन बनाने वाले बने दुनिया के पहले कप्तान)
चेन्नई को आखिरी ओवर में जीत के लिए 16 रन चाहिए थे। लेकिन धोनी ने चौथी ही गेंद पर छक्का जड़ते हुए चेन्नई को जीत दिला दी। धोनी ने 34 गेंदों में 7 जोरदार छक्कों और 4 चौकों की मदद से 70 रन की नाबाद पारी खेली।