रांचीः विराट कोहली (135 रन) के शानदार 52वें वनडे शतक की मदद से भारत ने रविवार को यहां सीरीज के शुरुआती एक दिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैच में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ आठ विकेट पर 349 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। कोहली ने 120 गेंद की तेज पारी के दौरान 11 चौके और सात छक्के जमाए जो भारतीय पारी की रीढ़ बनी। क्रिकेट के एकमात्र इस प्रारूप में खेलने वाले इस स्टार ने अपनी अहमियत और दबदबे को फिर साबित किया। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए रोहित शर्मा (51 गेंद में 57 रन) के साथ 136 रन की साझेदारी करके जेएससीए स्टेडियम की सपाट पिच पर भारत के बड़े स्कोर की नींव रखी।
एकदिवसीय पारी में कोहली द्वारा लगाए गए सात छक्के संयुक्त रूप से दूसरे सबसे अधिक हैं, इससे पहले उन्होंने 2013 में जयपुर में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 52 गेंदों पर नाबाद 100 रन (पुरुष वनडे में भारत का सबसे तेज शतक) के दौरान भी इतने ही छक्के लगाए थे। उन्होंने 2023 में तिरुवनंतपुरम में श्रीलंका के खिलाफ आठ छक्के लगाए थे।
India vs South Africa 1st ODI Live: दक्षिण अफ्रीका के विरुद्ध भारत का सर्वोच्च एकदिवसीय स्कोर-
401/3 - ग्वालियर, 2010
349/8 - रांची, 2025
331/7 - कार्डिफ़, 2013 CT
326/5 - कोलकाता, CWC 2023।
India vs South Africa 1st ODI Live: रांची में कोहली के वनडे-
77* बनाम इंग्लैंड, 2013
139* बनाम श्रीलंका, 2014
45 बनाम न्यूज़ीलैंड, 2016
123 बनाम ऑस्ट्रेलिया, 2019
135 बनाम दक्षिण अफ्रीका, 2025
कुल: 173 की औसत से 519 रन, दक्षिण अफ्रीका: 110.19
India vs South Africa 1st ODI Live: किसी भारतीय मैदान पर सर्वाधिक वनडे शतक-
5 पारियों में 3 शतक - विराट कोहली, रांची
7 पारियों में 3 शतक - सचिन तेंदुलकर, वडोदरा
7 पारियों में 3 शतक - विराट कोहली, विशाखापत्तनम
8 पारियों में 3 शतक - विराट कोहली, पुणे।
India vs South Africa 1st ODI Live: कोहली का 52वां शतक, भारत ने दक्षिण अफ्रीका को दिया 350 रन का लक्ष्य
कोहली अब टी20 अंतरराष्ट्रीय प्रारूप का हिस्सा नहीं हैं और अगले आठ महीनों में भारत को सिर्फ छह वनडे मैच खेलने हैं इसलिए 36 साल के इस क्रिकेटर के लिए इस प्रारूप का हर मैच अब अहमियत रखता है। उन्होंने अपनी पारी से चयनकर्ताओं और टीम प्रबंधन को याद दिलाया कि वह इस प्रारूप में भारत के सबसे भरोसेमंद बल्लेबाज बने हुए हैं।
रोहित के पास भी खुद को साबित करने का एक शानदार मंच था। उन्होंने एक रन पर मिले जीवनदान का फायदा उठाया और मार्को यानसन की गेंद पर पगबाधा होने से पहले अर्धशतक ही बना सके। क्रिकेट प्रेमी कोहली और रोहित की बड़ी पारी खेलने के लिए बेकरार हैं और दोनों के बीच 136 रन की भागीदारी इन दोनों खिलाड़ियों का ही आत्मविश्वास नहीं बढ़ाएगी।
बल्कि टीम प्रबंधन को भी भरोसा देगी कि वे अब भी बड़े मंच के स्टार हैं और भारत के लिए अभी और खेल सकते हैं। पिच सपाट थी लेकिन दक्षिण अफ्रीका के गेंदबाजों ने भी सही लाइन एवं लेंथ में गेंदबाजी नहीं की। यानसन के अलावा नांद्रे बर्गर, कॉर्बिन बॉश और ओटनील बार्टमैन ने दो दो विकेट झटके।
सलामी बल्लेबाज यशस्वी जायसवाल (18 रन) बर्गर की गेंद पर बल्ला छुआकर आउट हो गए जिसके बाद कोहली क्रीज पर उतरे। रांची के दर्शकों को रोहित-कोहली (रो-को) की जोड़ी से जैसे प्रदर्शन की उम्मीद थी, उन्होंने वैसा ही खेल दिखाया। रोहित को बर्गर की गेंद पर टोनी डी जोर्जी ने कैच छोड़कर जीवनदान दे दिया।
इस बल्लेबाज ने इसका फायदा उठाते हुए यानसन और बॉश के खिलाफ लगातार बाउंड्री लगा दीं। उन्होंने यानसन पर पांच गेंद के अंदर दो बाउंड्री लगाईं और बॉश की अंदर आती गेंदों को आसानी से फ्लिक किया और शॉर्ट गेंदों को पुल किया। कोहली शानदार फॉर्म में दिख रहे थे और उन्होंने बर्गर की गेंद पर मिड-ऑफ के ऊपर से छक्का मारकर अपने इरादे स्पष्ट किए।
इसके बाद उन्होंने एक शानदार कवर ड्राइव लगाया। दोनों ने दक्षिण अफ्रीका के तेज गेंदबाजों की लाइन एवं लेंथ में हुई गलती का फायदा उठाते हुए तेजी से रन बनाए जिससे कार्यवाहक कप्तान एडन मारक्रम को ऑफस्पिनर प्रेनलन सुब्रयन को मैदान में उतारना पड़ा। लेकिन रन गति में कमी नहीं हुई। कोहली ने बॉश की गेंद पर छक्का लगाकर अपना अर्धशतक पूरा किया।
जबकि रोहित ने एक रन लेकर अपना अर्धशतक पूरा किया। जिससे भारत ने जल्दी ही 100 रन का आंकड़ा पार कर लिया। यानसन ने आखिरकार रोहित को पगबाधा आउट किया। इससे भारत की रन गति थोड़ी देर के लिए धीमी हुई। रुतुराज गायकवाड़ (08) और पांचवें नंबर पर उतारे गए वाशिंगटन सुंदर जल्दी जल्दी आउट हो गए।
लेकिन कोहली डटे रहे। उनके शतक पूरा करने के तुरंत बाद एक प्रशंसक सुरक्षा घेरे को तोड़ते हुए अंदर आ गया, वह घुटने के बल उनके सामने बैठ गया और उनके पैर छुए जिसके बाद सुरक्षाकर्मियों ने उसे बाहर किया। कप्तान केएल राहुल (60 रन) स्पिनर सुब्रयन पर शॉट लगाने के लिए संघर्ष कर रहे थे।
कोहली ने इस गेंदबाज पर दो छक्के और एक चौके की मदद से 21 रन बनाए। 2027 विश्व कप में अभी कुछ समय है लेकिन कोहली ने सबको याद दिला दिया कि उनकी लय बरकरार है और उनकी रनों की भूख हमेशा की तरह बरकरार है।