HighlightsIndia vs Pakistan, Colombo: पाकिस्तान ने ‘यू टर्न’ लिया और अब यह मैच हो रहा है।India vs Pakistan, Colombo: हैदर अली 1500 से 2000 पाकिस्तानी रुपये के बीच टीम किट की कॉपी बेच रहे हैं।India vs Pakistan, Colombo: खास तौर पर स्क्रीनिंग की जा रही है जिसके साथ नाश्ते और डिनर के पैकेज भी हैं।
कराची: भारत और पाकिस्तान के बीच टी20 विश्व कप के दौरान कोलंबो में रविवार को होने वाले मैच से पहले यहां दुकानदारों और आनलाइन विक्रेताओं की चांदी हो गई है चूंकि टीम के गैर आधिकारिक और खास तौर पर बनाये गए क्रिकेट सामान की जबर्दस्त मांग है। मैच से पहले काफी नाटकीय घटनाक्रम देखा गया और यह तय नहीं था कि यह अहम मुकाबला होगा भी या नहीं। सुरक्षा कारणों से बांग्लादेश के भारत में खेलने से इनकार, बांग्लादेश का टी20 विश्व कप से बाहर होना, उसकी जगह स्कॉटलैंड का खेलना और बांग्लादेश के समर्थन में पाकिस्तान का इस मैच के बहिष्कार का ऐलान। लेकिन इसके बाद पाकिस्तान ने ‘यू टर्न’ लिया और अब यह मैच हो रहा है। कराची में सदर के जैनब मार्केट से लेकर लाइटहाउस की पुरानी गलियों तक पाकिस्तानी टीम की जर्सी, कैप और आर्मबैंड की भारी मांग है।
जैनब मार्केट में दुकान चलाने वाले कासिम शाह ने कहा ,‘कल से मांग बहुत बढ गई है और हमने पहले भारत पाकिस्तान मैच के लिये चीजों की इतनी मांग नहीं देखी।’ यह मार्केट पाकिस्तानी टीम की किट, कैप और अन्य सामान की नकल बेचने के लिये मशहूर है। लाइटहाउस में दुकान चलाने वाले हैदर अली 1500 से 2000 पाकिस्तानी रुपये के बीच टीम किट की कॉपी बेच रहे हैं।
आधिकारिक किट पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से लाइसेंस प्राप्त एक कंपनी ने जारी की और बहुत महंगी है। कंपनी के एक अधिकारी ने बताया कि अमेरिका, ब्रिटेन, आस्ट्रेलिया, दुबई और जेद्दा समेत कई जगहों से पाकिस्तानी टीम की किट की आनलाइन मांग काफी ज्यादा है। इसके अलावा बड़े क्लबों, रेस्त्रां और सिनेमाघरों में मैच की खास तौर पर स्क्रीनिंग की जा रही है जिसके साथ नाश्ते और डिनर के पैकेज भी हैं।