IND vs ZIM t20 World Cup 2026: टीम इंडिया ने गुरुवार को आईसीसी टी20 वर्ल्डकप के सुपर 8 चरण में जिम्बाब्वे के खिलाफ 74 रनों से बड़ी जीत दर्ज की। इस जीत के साथ भारतीय टीम ने टी20 विश्वकप के सेमीफाइनल में पहुंचने की अपनी उम्मीदों को मजबूत किया है। चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में खेले गए इस मैच में भारतीय टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए जिम्बाब्वे को जीत के लिए 257 रनों का विशाल लक्ष्य दिया। जवाब में सिकंदर रजा की टीम 20 ओवर में अपने 6 विकेट गंवाकर 184 रन बना सकी। सुपर 8 स्टेज के अपने पहले मैच में दक्षिण अफ्रीका से बुरी तरह मैच हारने के बाद सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए भारत के लिए यह मैच जीतना जरूरी था। अब भारत का सामना 01 मार्च को वेस्टइंडीज से है। यह मुकाबला भी दोनों टीमों के लिए करो या मरो वाला है। वहीं जिम्बाब्वे अब इस टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।
भारत ने अपनी दमदार बल्लेबाजी की मदद से पहले बैटिंग करते हुए 256/4 रनों का स्कोर खड़ा किया था। एक बार जब उन्होंने इतना बड़ा स्कोर बना लिया, तो सिर्फ़ एक ही नतीजा मुमकिन था। लेकिन ब्रायन बेनेट को क्रेडिट जाता है कि उन्होंने गेम को एकतरफ़ा नहीं होने दिया। मारुमानी को शुरुआत में दिक्कत हुई और जब रज़ा बेनेट के साथ आए तो चेज़ को कुछ रफ़्तार मिली। उसी समय आस्किंग रेट बहुत ज़्यादा बढ़ रहा था। बेनेट ने नाबाद रहते हुए 59 गेंदों में 97 रनों की नाबाद पारी खेली। भारत के लिए अर्शदीप सिंह ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए। चक्रवर्ती, शिवम दूबे और उपकप्तान अक्षर पटेल को एक-एक सफलता मिली।
भारत का अब तक का सबसे बड़ा टी20 टोटल
भारत का यह टी20 वर्ल्डकप के इतिहास में सबसे बड़ा टोटल है। इसके अलावा मौजूदा टी20 विश्वकप का सबसे बड़ा टोटल भी। भारतीय सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने सिर्फ़ 26 गेंदों में 4 चौकों और 4 छक्कों की मदद से 180 से ज़्यादा के स्ट्राइक-रेट से हाफ-सेंचुरी लगाई। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने अटैक जारी रखा और टीम इंडिया को 200 रन का टारगेट पार करने में मदद की। पांड्या ने 23 गेंदों में नाबाद 50 रन जोड़े। इनके अलावा ईशान किशन (38 रन, 24 गेंद), कप्तान सूर्यकुमार यादव (33 रन, 13 गेंद) और तिलक वर्मा (44* रन, 16 गेंद) ने ताबड़तोड़ बल्लेबाजी कर इस टोटल में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया।