IND vs WI: संजू सैमसन ने रविवार को टी20 वर्ल्ड कप में वेस्टइंडीज के खिलाफ अपनी मैच विनिंग पारी खेलकर टीम को सेमीफाइनल में पहुंचा दिया। टीम इंडिया को वेस्टइंडीज की तरफ से जीत के लिए 196 रनों का लक्ष्य मिला था, जिसे भारत ने अपने 5 विकेट खोकर 4 गेंद शेष रहते हुए हासिल कर लिया। टी20 वर्ल्ड कप में भारत के लिहाज से रन चेज के लिए यह सबसे बड़ा लक्ष्य था। इस मैच के हीरो रहे संजू सैमसन ने 50 गेंदों में 97 रनों की नाबाद पारी खेली। टीम इंडिया के लिए उन्होंने ओपनर से लेकर मैच फिनिशर तक का सफर पूरा किया।
भारत अब सेमीफाइनल में इंग्लैंड से मुंबई के वानखेड़े में खेलेगा। यह मुकाबला 5 मार्च को होगा। कोलकाता के ईडन गार्डन में खेले गया मैच भारत और वेस्टइंडीज के लिए मस्ट विन मुकाबला था। इसलिए अब हार के साथ कैरिबियाई टीम टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बाहर हो गई है। हालांकि लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने पॉवर प्ले के अंदर अपने दो विकेट गंवा दिए थे। अभिषेक शर्मा तीसरे ओवर में 10 रन बनाकर आउट हो गए, तो वहीं इन फॉर्म बल्लेबाज ईशान किशन (10) पांचवें ओवर में अपना विकेट दे बैठे। शिवम दूबे 8 रन बनाकर नाबाद लौटे।
इसके बाद कप्तान सूर्यकुमार यादव ने 18 रन जोड़े। जबकि तिलक वर्मा ने अहम पारी खेली और 15 गेंदों में 27 रन बनाए। इसके बाद हार्दिक पांड्या ने 17 रनों का योगदान दिया। इन सबके बीच संजू दूसरे छोर से डटे रहे। उन्होंने पहले कप्तान के साथ मिलकर 35 गेंदों में 58 रन की साझेदारी निभाई तो वहीं तिलक के साथ 42 रन की पार्टनरशिप की, जिससे भारत लक्ष्य को पाने में सफल रहा।
वेस्टइंडीज के लिए होल्डर और शेमर जोसेफ ने दो-दो सफलताएं हासिल कीं। इससे पहले भारत ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया था। जिसके बाद वेस्टइंडीज ने 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 195 रन बनाए। कैरिबियाई टीम की ओर से रोस्टन चेज ने सर्वाधिक 40 रनों की पारी खेली। जबकि भारत की तरफ से बुमराह ने सबसे ज्यादा दो विकेट लिए।