महेंद्र सिंह धोनी इंटरनेशनल क्रिकेट में 600 कैच लेने वाले दुनिया के तीसरे खिलाड़ी बन गए हैं। सेंचुरियन में शुक्रवार को दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ शार्दुल ठाकुर की गेंद पर हाशिम अमला का कैच पकड़ने के साथ ही धोनी ने यह नायाब उपलब्धि हासिल की। उनसे पहले केवल दक्षिण अफ्रीका के मार्क बाउचर (952) और ऐडम गिलक्रिस्ट (813) ही यह कारनामा कर सके हैं।
दिलचस्प ये है कि धोनी से आगे चल रहे ये दोनों विकेटकीपर अब संन्यास ले चुके हैं। अगर स्टंप और कैच की बात करें तो मार्क बाउचर के नाम 999 शिकार हैं। उन्होंने 1000 के जादुई आंकड़े तक पहुंचने से ठीक पहले संन्यास ले लिया था। वहीं, धोनी के नाम कुल 774 शिकार दर्ज हैं। बता दें कि धोनी ने तीसरे मैच में वनडे में विकेट के पीछे अपने 400 शिकार पूरे किए थे। ऐडेन मार्करम उनके 400वें शिकार बने थे।
धोनी ने हालांकि 600 कैच की उपलब्धि अपने 494वें मैच में हासिल की। जबकि गिलक्रिस्ट ने 396 मैच खेलकर यह उपलब्धि हासिल की। इस प्रकार धोनी सबसे ज्यादा मैच खेलकर 600 विकेट लेने वाले खिलाड़ी बने हैं। धोनी के नाम 174 स्टंपिंग भी है जो सबसे ज्यादा है।
ये दिग्गज भी लिस्ट में
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर इयान हिली भी इस लिस्ट में हैं। उनके नाम 287 मैचों में 560 कैच दर्ज हैं। वहीं, श्रीलंका के कुमार संगकारा के नाम 539 कैच हैं। साथ ही संगकारा ने विकेट के पीछे 139 बार बल्लेबाजों को स्टंप आउट भी किया।