भारत से फिर हार, नामीबिया के खिलाफ टीम से बाहर होंगे बाबर आजम, शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी?

चेयरमैन प्रेमदासा स्टेडियम में मैच जल्दी छोड़कर चले गए, क्योंकि यह स्पष्ट हो गया था कि पाकिस्तान को भारत से एक और हार का सामना करना पड़ेगा।

By सतीश कुमार सिंह | Updated: February 16, 2026 19:28 IST2026-02-16T19:27:25+5:302026-02-16T19:28:16+5:30

ind vs pak defeat to India Babar Azam, Shaheen Afridi and Shadab Khan out of the team against Namibia playing XI | भारत से फिर हार, नामीबिया के खिलाफ टीम से बाहर होंगे बाबर आजम, शादाब खान और शाहीन शाह अफरीदी?

file photo

googleNewsNext
Highlightsटीम प्रबंधन के एक विश्वसनीय सूत्र ने सोमवार को यह जानकारी दी।प्रदर्शन न तो समझ में आता है और न ही स्वीकार्य है।देर रात प्रबंधन की टीम ने फैसला किया कि बहुत हो गया।

कराची: भारत के खिलाफ कोलंबो में अहम मुकाबले में नाकाम रहने के बाद नामीबिया के खिलाफ टी20 विश्व कप के अगले मैच में खराब फॉर्म से जूझ रहे बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी की पाकिस्तानी टीम से छुट्टी हो सकती है। पाकिस्तान की टीम कोलंबो में भारत के खिलाफ दबाव भरे मुकाबले में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद नामीबिया के खिलाफ आगामी टी20 विश्व कप मैच में बाबर आजम और शाहीन शाह अफरीदी जैसे वरिष्ठ खिलाड़ियों को टीम से बाहर रखने पर विचार कर रही है। टीम प्रबंधन के एक विश्वसनीय सूत्र ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पाकिस्तान के पूर्व कप्तान शाहिद अफरीदी ने टी20 विश्व कप 2026 में भारत से मिली हार को अब तक की सबसे बुरी हार बताते हुए राष्ट्रीय टीम में व्यापक बदलाव की मांग की है। समा टीवी पर प्रसारित एक कार्यक्रम में बोलते हुए, अफरीदी ने वरिष्ठ खिलाड़ियों की कड़ी आलोचना की और इस तनावपूर्ण मैच के दौरान टीम प्रबंधन और कप्तान द्वारा लिए गए फैसलों पर सवाल उठाए।

पूर्व ऑलराउंडर ने कहा कि अगर उन्हें बदलाव करने का अधिकार होता, तो वे अनुभवी क्रिकेटर बाबर आजम, शाहीन अफरीदी और शादाब खान को प्लेइंग इलेवन से बाहर कर देते। सूत्र के अनुसार, पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के अध्यक्ष मोहसिन नकवी ने टीम प्रबंधक नावेद अकरम चीमा के सामने भारत से 61 रनों की हार में टीम के प्रदर्शन पर असंतोष व्यक्त किया।

सूत्र ने बताया, "चेयरमैन प्रेमदासा स्टेडियम में मैच जल्दी छोड़कर चले गए, क्योंकि यह स्पष्ट हो गया था कि पाकिस्तान को भारत से एक और हार का सामना करना पड़ेगा।" उन्होंने आगे बताया कि नक़वी ने पीसीबी के एक वरिष्ठ अधिकारी के माध्यम से मैनेजर को सूचित किया कि महत्वपूर्ण मैचों में इस तरह का प्रदर्शन न तो समझ में आता है और न ही स्वीकार्य है।

सूत्र ने यह भी खुलासा किया कि मुख्य कोच माइक हेसन ने ड्रेसिंग रूम में टीम को संबोधित करते हुए उन्हें याद दिलाया कि वे अपनी वास्तविक क्षमता के अनुरूप प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। उन्होंने कहा, "देर रात प्रबंधन की टीम ने फैसला किया कि बहुत हो गया।

बाबर और शाहीन को बेंच पर बैठाकर बुधवार को नामीबिया के खिलाफ सलमान मिर्जा/नसीम शाह और फखर जमान को मौका दिया जाए।" यदि प्रस्तावित बदलाव सकारात्मक परिणाम देते हैं, तो बाबर और शाहीन का विश्व कप अभियान प्रभावी रूप से समाप्त हो सकता है, क्योंकि प्रबंधन मध्य क्रम में युवा ख्वाजा नफे को भी आजमाना चाहता है।

Open in app