IND vs NZ: 35 गेंद, 8 छक्के और 5000 रन का रिकॉर्ड, अभिषेक शर्मा की विस्फोटक पारी

IND vs NZ, Abhishek Sharma 35 balls 8 sixes: भारत ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की 35 गेंद में 84 रन की धमाकेदार पारी से बुधवार को यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 48 रन से जीत दर्ज की।

By संदीप दाहिमा | Updated: January 21, 2026 23:22 IST2026-01-21T23:13:37+5:302026-01-21T23:22:43+5:30

IND vs NZ-35-balls-8-sixes-5000-t20-runs-record-abhishek-sharma-explosive-innings | IND vs NZ: 35 गेंद, 8 छक्के और 5000 रन का रिकॉर्ड, अभिषेक शर्मा की विस्फोटक पारी

IND vs NZ: 35 गेंद, 8 छक्के और 5000 रन का रिकॉर्ड, अभिषेक शर्मा की विस्फोटक पारी

googleNewsNext
HighlightsIND vs NZ: 35 गेंद, 8 छक्के और 5000 रन का रिकॉर्ड, अभिषेक शर्मा की विस्फोटक पारीIND vs NZ: अभिषेक शर्मा ने टी20 में पूरे किए 5000 रन, 84 रन की तूफानी पारी

IND vs NZ, Abhishek Sharma 35 balls 8 sixes: भारत ने सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा की 35 गेंद में 84 रन की धमाकेदार पारी से बुधवार को यहां पहले टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में न्यूजीलैंड के खिलाफ 48 रन से जीत दर्ज की। इस तरह पांच मैच की श्रृंखला में भारत 1-0 से आगे हो गया। टी20 अंतरराष्ट्रीय रैंकिंग में शीर्ष पर काबिज अभिषेक ने न्यूजीलैंड के गेंदबाजों पर कोई रहम नहीं दिखाया और उनकी खूब धुनाई करते हुए अपनी पारी में आठ छक्के और पांच चौके लगाए। रिंकू सिंह ने अंत में 20 गेंद में नाबाद 44 रन बनाए। इससे भारत ने सात विकेट पर 238 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इस लक्ष्य का पीछा करने उतरी न्यूजीलैंड ने एक रन पर दो विकेट गंवा दिए थे। ग्लेन फिलिप्स (78 रन) के अर्धशतक के बावजूद टीम 20 ओवर में सात विकेट पर 190 रन ही बना सकी। भारत ने हालांकि इस दौरान न्यूजीलैंड के खिलाड़ियों को आउट करने के कई मौके गंवाए। लेकिन बड़ा स्कोर होने से भारत को जीत दर्ज करने में परेशानी नहीं हुई। अर्शदीप सिंह (31 रन देकर एक विकेट) ने भारत को शानदार शुरुआत कराई और पारी की दूसरी ही गेंद पर डेवोन कॉनवे को विकेटकीपर संजू सैमसन के हाथों कैच आउट कराया।

दूसरे ओवर में हार्दिक पंड्या (20 रन देकर एक विकेट) ने रचिन रविंद्र को आउट किया जिससे न्यूजीलैंड ने एक रन पर दो विकेट गंवा दिए। टिम रॉबिन्सन (21) सातवें ओवर में वरुण चक्रवर्ती (37 रन देकर दो विकेट) की गेंद पर पवेलियन लौट गए। फिलिप्स और मार्क चैपमैन (39 रन) ने मिलकर 42 गेंद में 79 रन जोड़े। लेकिन अक्षर पटेल (42 रन देकर एक विकेट) ने 14वें ओवर में भारत को फिलिप्स का अहम विकेट दिलाया जिन्हें लॉग ऑन पर शिवम दूबे ने कैच आउट किया। दूबे ने अंतिम ओवर में लगातार गेंद पर डेरिल मिचेल (28 रन) और क्रिस्टियन क्लार्क (शून्य) के विकेट लिए। कप्तान मिचेल सैंटनर 20 रन बनाकर नाबाद रहे। इससे पहले अभिषेक और कप्तान सूर्यकुमार यादव (32 रन, 22 गेंद) ने तीसरे विकेट के लिए 47 गेंद में 99 रन की साझेदारी की। हालांकि सूर्यकुमार अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म में नहीं दिखे। लेकिन इस युवा बल्लेबाज की बेफिक्र बल्लेबाजी से कप्तान को भी कुछ देर क्रीज पर जमने का मौका दिया। अंत में रिंकू को भी लंबे समय बाद अच्छी पारी खेलने का मौका मिला। उन्होंने अपनी नाबाद पारी में चार चौके और तीन छक्के लगाए। बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद भारत ने संजू सैमसन (10 रन) और ईशान किशन (08) के तौर पर जल्दी विकेट गंवा दिए। अभिषेक ने जैकब डफी (चार ओवर में 27 रन देकर दो विकेट) पर अपनी पारी का पहला छक्का जड़ा जो यह साइट स्क्रीन पर गया था।

पंजाब के बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने दो विकेट गिरने का असर खुद पर नहीं पड़ने दिया और उनकी बल्लेबाजी की खासियत उनकी बल्ले की तेज स्पीड है। न्यूजीलैंड का कोई भी गेंदबाज उन्हें चुनौती नहीं दे सका। क्रिस्टियन क्लार्क और काइल जैमीसन की गेंदें सपाट पिच पर 130 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से आ रही थीं और बाउंड्री के पार जा रही थीं। अभिषेक ने अपनी पारी के चार छक्के जड़ने के बाद पहले तीन चौके स्पिनर ग्लेन फिलिप्स की गेंदबाजी पर लगाए। वहीं दूसरे छोर पर सूर्यकुमार थोड़े संघर्ष करते दिखे। लेकिन डफी की गेंद पर बैक-फुट पर चौका और क्लार्क की गेंद पर स्क्वायर के पीछे एक जोरदार छक्का लगाने के दौरान भारतीय कप्तान में पुरानी झलक दिखाई दी। लेकिन वह अब भी अपनी सर्वश्रेष्ठ फॉर्म से काफी दूर है। कप्तान मिचेल सैंटनर (तीन ओवर में 37 रन देकर एक विकेट) ने लगाम लगाने की कोशिश की और उन्हें सफलता जब मिली तब सूर्यकुमार लॉग-ऑन पर कैच आउट हो गए। अभिषेक ने अपना कहर जारी रखा। हालांकि वह अगले ही ओवर में आउट हो गए जब लेग-स्पिनर ईश सोढ़ी ने अपनी लेग-ब्रेक की लेंथ थोड़ी कम की और जैमीसन ने उनका कैच लपक लिया। आखिर में रिंकू को प्रभाव डालने के लिए काफी गेंदें मिलीं और उन्होंने डेरिल मिचेल के पहले और पारी के अंतिम ओवर में 21 रन बनाकर टीम को इस स्कोर तक पहुंचाया।

Open in app