ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट टीम के तूफानी बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल की ताबड़तोड़ पारी के बाद भारत को दूसरे टी20 में 7 विकेट से हराकर सीरीज पर 2-0 से कब्जा कर लिया। भारतीय टीम ने 20 ओवर में 4 विकेट गंवाकर 190 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया, जिसके बाद कंगारू टीम ने 19.4 ओवर में तीन विकेट गंवाकर लक्ष्य को हासिल कर लिया। इस दौरान कई सारे रिकॉर्ड बनें जो इस प्रकार हैं-
1. टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली ने टी20 इंटरनेशनल में 50 छक्के पूरे किए। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट कोहली ने 38 गेंदों में 2 चौके और 6 छक्कों की मदद से 72 रनों की नाबाद पारी खेली। इस मैच से पहले कोहली के खाते में 48 छक्के थे, जो अब 54 हो गए हैं।
2. इस मैच में छक्कों का अर्धशतक टीम के विकेटकीपर बल्लेबाज एमएस धोनी ने भी पूरा किया। धोनी ने 23 गेंदों में पारी में 3 चौके और 3 छक्के लगाते हुए 40 रनों की पारी खेली। इस मैच से पहले धोनी के खाते में 49 छक्के थे और अब उनके 52 छक्के हो गए हैं।
3. धोनी टी20 क्रिकेट में छक्कों का अर्धशतक पूरा करने के साथ ही इंटरनेशनल क्रिकेट में 352 छक्के जड़ने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन गए। धोनी ने इस मामले में 349 छक्के लगाने वाले सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा को पछाड़ दिया और श्रीलंकाई बल्लेबाज सनत जयसूर्या की बराबरी कर ली। इंटरनेशनल क्रिकेट में सर्वाधिक छक्के लगाने का रिकॉर्ड विंडीज के पास मौजूद है।
4. कोहली की कप्तानी में टीम इंडिया की अपने घर में पहली सीरीज हार है। इससे पहले भारत ने भारत में कोहली की कप्तानी में 14 सीरीज जीते थे और एक ड्रॉ किया था।
3. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहली बार भारत के खिलाफ T20 सीरीज में जीत दर्ज की है।
4. ऑस्ट्रेलिया के तूफानी बल्लेबाज ग्लेन मैक्सवेल ने अपनी ताबड़तोड़ पारी में 55 गेंदों पर नाबाद 113 रन बनाए। मैक्सवेल अब टी 20 क्रिकेट में ऑस्ट्रेलिया की तरफ से भारत में सबसे ज्यादा व्यक्तिगत स्कोर बनाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले ये रिकॉर्ड फिंच के नाम पर था। फिंच ने भारत के खिलाफ वर्ष 2013 में राजकोट में 89 रन की पारी खेली थी।
5. मैक्सवेल ने भारत के खिलाफ अपने अंतरराष्ट्रीय टी20 करियर का तीसरा शतक लगाया। टी20 क्रिकेट में तीन शतक लगाने वाले वो दुनिया के तीसरे बल्लेबाज बने। इससे पहले रोहित शर्मा (04) और कोलिन मुनरो (03) ही ऐसे खिलाड़ी हैं जिन्होंने क्रिकेट के सबसे छोटे प्रारूप में तीन या उससे ज्यादा शतक लगाए हैं।
6. मैक्सवेल भारत के खिलाफ भारत में अंतरराष्ट्रीय टी 20 क्रिकेट में शतक लगाने वाले दुनिया के दूसरे बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले भारत के खिलाफ ये कमाल वर्ष 2017 में राजकोट में कोलिन मुनरो ने किया था। मुनरो ने भारत के खिलाफ उस मैच में नाबाद 109 रन की पारी खेली थी।
7. भारतीय कप्तान विराट कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ छठा अर्धशतक लगया और T20 अंतरराष्ट्रीय में एक देश के खिलाफ सबसे ज्यादा अर्धशतक लगाने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। इससे पहले यह रिकॉर्ड श्रीलंका के कुसल परेरा के नाम था। परेरा ने बांग्लादेश के खिलाफ पांच अर्धशतक लगाए हैं।
8. कोहली ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ इंटरनेशनल टी20 फॉर्मेट का 20वां अर्धशतक लगाया। इसके साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक फिफ्टी लगाने वाले संयुक्त रूप से नंबर-1 बल्लेबाज बन गए। कोहली के साथ-साथ उनके ही हमवतन रोहित शर्मा ने भी इतने ही अर्धशतक लगाए हैं। इसके अलावा मार्टिन गप्टिल ने 16 और क्रिस गेल व ब्रैंडन मैक्कलम ने 15 अर्धशतक लगाए हैं।
9. कोहली इस पारी के साथ ही T20 इंटरनेशनल में सर्वाधिक चौके के मामले में भी संयुक्त रूप से नंबर-1 बन गए। उनके साथ तिलकरत्ने दिलशान ने भी 223 चौके इस फॉर्मेट में लगाए हैं। इसके अलावा मोहम्मद शहजाद ने 218 और रोहित शर्मा ने 207 चौके लगाए हैं।
10. भारतीय सलामी बल्लेबाज शिखर धवन और केएल राहुल ने पहली बार T20 अंतरराष्ट्रीय मैच में एक साथ ओपनिंग की।
11. विराट कोहली बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में टी20 क्रिकेट (अंतर्राष्ट्रीय+घरेलू) में सर्वाधिक छक्के के मामले में एबी डिविलियर्स को पछाड़ दूसरे नंबर पर आ गए। इस ग्राउंड पर सबसे ज्यादा छक्के क्रिस गेल (150 छक्के) ने लगाए हैं। इसके अलावा कोहली ने 105 और एबी डिविलियर्स ने 102 छक्के लगाए हैं।