चेतेश्वर पुजारा (123) की जुझारू पारी की बदौलत भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ऐडिलेड में खेले जा रहे मैच में पहले दिन का खेल खत्म होने तक 9 विकेट गंवाकर 250 रन बना लिए थे। 87.5 ओवर का खेल खत्म होने के बाद अंपायरों ने खेल खत्म करने का फैसला किया। पहले दिन का खेल खत्म होने तक मोहम्मद शमी 6 रन बनाकर नाबाद लौटे। भारत को पहले दिन पुजारा के रूप में आखिरी झटका लगा, जिन्हें पैट कमिंस ने रन आउट किया। इससे पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने का फैसला किया था, लेकिन उनके बल्लेबाज कप्तान के फैसले पर खरे नहीं उतर सके। हालांकि चेतेश्वर पुजारा ने जुझारू पारी खेलते हुए टेस्ट करियर का 16वां और ऑस्ट्रेलिया में पहला शतक जमाया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से जोश हेजलवुड, नाथन ल्योन, मिशेल स्टार्क और पैट कमिंस को अब तक दो-दो सफलता मिली है।
दोनों टीमें इस प्रकार है:
भारत : विराट कोहली (कप्तान), केएल राहुल, मुरली विजय, चेतेश्वर पुजारा, अजिंक्य रहाणे, रोहित शर्मा, ऋषभ पंत, रविचंद्रन अश्विन, ईशांत शर्मा, जसप्रीत बुमराह और मोहम्मद शमी।
ऑस्ट्रेलिया: टिम पेन (कप्तान), मार्कस हैरिस, आरोन फिंच, उस्मान ख्वाजा, ट्रेविस हेड, शान मार्श, पीटर हैंडस्कॉम्ब, नाथन ल्योन, मिशेल स्टार्क, पैट कमिंस और जोश हेजलवुड।