जयपुरः ऑस्ट्रेलिया के पूर्व स्पिनर शेन वार्न के परिवार को अरबपति निवेशक काल सोमानी और उनके समूह द्वारा राजस्थान रॉयल्स (आरआर) की 100% हिस्सेदारी हासिल करने के समझौते के बाद लगभग 450 करोड़ रुपये मिलने वाले हैं। वार्न को आरआर ने 2008 में एक आइकन खिलाड़ी के रूप में मामूली सौदे पर खरीदा था, जिसके तहत उन्होंने फ्रेंचाइजी के लिए खेले गए चार वर्षों में केवल लगभग 9 करोड़ रुपये कमाए थे। शेन वार्न न सिर्फ गेंद के जादूगर थे, बल्कि दूरदर्शी भी थे, जिन्हें सही समय और सही दांव लगाने का हुनर पता था।
2008 में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के पहले सीज़न में जब वे राजस्थान रॉयल्स के कप्तान बने, तो उन्होंने अपने अनुबंध में एक ऐसी शर्त शामिल की थी, जिससे लगभग दो दशक बाद उनके परिवार को भारी भरकम इनाम मिलने वाला है। यह शर्त तब लागू हुई, जब राजस्थान रॉयल्स को काल सोमानी के नेतृत्व वाले अमेरिकी समूह को 1.63 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 15,290 करोड़ रुपये) में बेचा गया।
जब रॉयल्स ने 2008 सीज़न से पहले वार्न को साइन किया, तो उन्हें न केवल कप्तानी सौंपी गई, बल्कि फ्रैंचाइज़ी के क्रिकेट संचालन पर पूर्ण नियंत्रण भी दिया गया। समझौते के तहत दिवंगत ऑस्ट्रेलियाई दिग्गज को टीम के लिए खेले गए प्रत्येक वर्ष के लिए 0.75% स्वामित्व हिस्सेदारी दी गई। वार्न ने द हेराल्ड सन को दिए एक साक्षात्कार में खुलासा किया था कि मेरे समझौते का एक हिस्सा यह था।
उन्होंने मुझसे कप्तान, कोच बनने और अपनी इच्छानुसार क्रिकेट टीम चलाने के लिए कहा, मैं हर काम में माहिर था। वार्न ने फ्रैंचाइज़ी के साथ चार सीज़न बिताए और 2008 में पहले ही सीज़न में खिताब जीता। इस तरह फ्रैंचाइज़ी में उनकी कुल हिस्सेदारी बढ़कर 3% हो गई। अब जब टीम 1.63 अरब अमेरिकी डॉलर में बिक चुकी है, तो वार्न की हिस्सेदारी 450 से 460 करोड़ रुपये के बराबर है।
राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते समय शेन वार्न का वेतन लगभग 2.34 करोड़ रुपये प्रति सीजन था। इसके साथ ही, वे सालाना 0.75% इक्विटी चाहते थे। वार्न ने 4 सीजन खेले, जिससे उनकी कुल आय 9.36 करोड़ रुपये और 3% आरआर शेयर हो गई। कल आरआर 1.63 बिलियन में बिक गई। इस सौदे को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) से मंजूरी मिलनी बाकी है।
इस फ्रेंचाइजी को मूल रूप से 2008 में मनोज बदले के नेतृत्व वाली इमर्जिंग मीडिया ने मात्र 67 मिलियन अमेरिकी डॉलर में खरीदा था। दुख की बात है कि वार्न इस पल को देखने के लिए अब हमारे बीच नहीं हैं, उनका 2022 में निधन हो गया। फिर भी, उनकी दूरदर्शिता यह सुनिश्चित करती है कि उनके परिवार को 18 साल पहले उनके द्वारा किए गए समझौते से बहुत लाभ होगा।