मुंबई इंडियंस के ऑलराउंडर क्रुनाल पंड्या बुधवार को उन भारतीय क्रिकेटरों की लिस्ट में शामिल हो जाएंगे जिन्होंने इस साल शादी की। क्रुनाल का मेंहदी फंक्शन मंगलवार को मुंबई में आयोजित हुआ। संयोग से इसी दिन टीम इंडिया के कप्तान विराट कोहली और अनुष्का शर्मा का दूसरा रिसेप्शन भी था।
क्रुनाल अपनी गर्लफ्रेंड पंखुड़ी शर्मा के साथ 27 दिसंबर को मुंबई के जुहू स्थिति जेडब्ल्यू मैरियट होटेल में शादी करेंगे। क्रुनाल से पहले इस साल जहीर खान, भुवनेश्वर कुमार और विराट कोहली जैसे टीम इंडिया के क्रिकेटरों ने शादी की है।
क्रुनाल के मेंहदी फंक्शन में उनके छोटे भाई और टीम इंडिया के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या जमकर ठुमके लगाते नजर आए। डांस फ्लोर पर क्रुनाल के साथ थिरकने का हार्दिक का वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। क्रुनाल और हार्दिक के साथ टीम इंडिया के एक और स्टार बल्लेबाज मनीष पाण्डेय भी डांस फ्लोर पर धूम मचाते नजर आए।
क्रुनाल पंड्या को आईपीएल 2016 में मुंबई इंडियंस ने 2 करोड़ रुपये में खरीदा था। 2017 के आईपीएल फाइनल में क्रुनाल ने 38 गेंदों पर 47 रन बनाते हुए पुणे सुपरजाएंट के खिलाफ मुंबई को चैंपियन बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका अदा की थी। घरेलू क्रिकेट में वह बड़ौदा की तरफ से खेलते हैं।