मुंबई: आईसीसी टी20 विश्व कप 2026 में पूर्व विश्व विजेता इंग्लैंड ने नेपाल को 4 रन से हराकर खाता खोल लिया। इंग्लैंड ने कप्तान हैरी ब्रूक (53 रन) और जैकब बेथेल (55 रन) के अर्धशतकों से रविवार को टी20 विश्व कप ग्रुप सी के अपने शुरुआती मैच में नेपाल के खिलाफ सात विकेट पर 184 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में नेपाल की टीम ने शानदार प्रदर्शन किया और दिल जीत लिया। नेपाल की टीम ने 20 ओवर में 6 विकेट पर 180 रन बना सकी और 4 रन से हार का सामना करना पड़ा। 19वें ओवर तक इंग्लैंड की सांस अटकी रही और 20वें ओवर में केवल 10 रन की जरूरत थी।
बाएं हाथ के युवा बल्लेबाज बेथेल ने टी20 विश्व कप पर्दापण में तेज अर्धशतक से शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने 35 गेंद में चार छक्के और इतने ही चौके लगाए। नेपाल के लिए दीपेंद्र सिंह ऐरी और नंदन यादव ने दो-दो विकेट लिए। विल जैक्स को प्लेयर ऑफ द मैच दिया गया। जैक्स ने 18 गेंद में 4 छक्के की मदद से 39 रन की पारी खेली और 1 विकेट भी लिया।
नेपाल ने रविवार को वानखेड़े स्टेडियम में आईसीसी पुरुष टी20 विश्व कप के ग्रुप सी मैच में विश्व चैंपियन इंग्लैंड को कड़ी टक्कर दी, लेकिन चार रन से हार गई। ऐतिहासिक जीत के लिए 185 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करते हुए, नेपाल को एक समय असंभव सी जीत की उम्मीद जगी थी, जब लोकेश बाम ने 20 गेंदों में 39 रनों की शानदार पारी खेली। लेकिन आखिरी ओवर में 10 रनों की जरूरत थी।
नेपाल के अनुभवहीन होने के कारण टीम चार रन से हार गई और 20 ओवर में 180/6 रन ही बना पाई। इससे पहले, 185 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए नेपाल ने शानदार शुरुआत की, जिसमें कुशल भुरटेल ने 17 गेंदों में 29 रन बनाकर टीम को मजबूत शुरुआत दी।
नेपाल ने पावरप्ले के बाद 47/2 रन बनाए और इंग्लैंड के गेंदबाजों पर दबाव बनाने की कोशिश की। नेपाल के कप्तान रोहित पौडेल ने इंग्लैंड के आदिल राशिद को एक विशाल छक्का जड़कर शानदार प्रदर्शन किया, वहीं दीपेंद्र सिंह ऐरी ने दो चौके लगाए।