मुंबईः इंग्लैंड के खिलाड़ी विल जैक्स ने कहा कि रविवार को यहां टी20 विश्व कप के रोमांचक मैच में नेपाल को चार रन से हराने के बाद उनकी टीम ने राहत की सांस ली। वहीं नेपाल के क्रिकेटर नंदन यादव ने अपनी टीम के शानदार प्रदर्शन पर गर्व के साथ अफसोस भी व्यक्त किया क्योंकि वे जीत के करीब पहुंचकर हार गए। इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए सात विकेट पर 184 रन बनाए और उसे नेपाल के इस लक्ष्य के करीब पहुंचने की उम्मीद थी। लेकिन नेपाल ने लक्ष्य का पीछा करते हुए अच्छा प्रदर्शन किया जिससे आखिरी ओवर में उसे जीत के लिए 10 रन चाहिए थे।
सैम करन ने अंतिम ओवर डाला जिससे नेपाल लड़खड़ा गया। लेकिन यह एक ऐसा मैच था जिसमें इंग्लैंड उलटफेर का शिकार होने से बच गया। उन्होंने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘‘नेपाल को पूरा श्रेय। उनका क्षेत्ररक्षण शानदार था और विकेटों के बीच उनकी दौड़ बहुत अच्छी थी। यही विश्व कप क्रिकेट है। हमने इस टूर्नामेंट में पहले ही देखा है। लगभग हर मैच कड़ा होता है। ’’
जब पूछा गया कि क्या इंग्लैंड को राहत या उपलब्धि का अहसास हुआ तो जैक्स ने कहा, ‘‘राहत और खुशी दोनों। हम यह मैच जीतने के लिए आए थे और हमने जीत लिया। काम हो गया। लेकिन, यह आगे आने वाली चीजों की तैयारी का भी हिस्सा है क्योंकि हम जानते हैं कि हम फिर से ऐसी ही स्थिति में होंगे।’’
जैक्स ने करन की गेंदबाजी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा, ‘‘वह दबाव वाली स्थितियों में बहुत शांत रहता है और बहुत स्पष्ट सोचता है। वह खेल को बहुत अच्छी तरह समझता है। उसने आज फिर यह दिखाया।’’ वहीं नेपाल के खिलाड़ी नंदन ने वादा किया कि उनकी टीम इस अनुभव से बेहतर होगी।
उन्होंने कहा, ‘‘पछतावा है क्योंकि हम बहुत करीब आकर भी जीत नहीं पाए, लेकिन साथ ही गर्व भी है क्योंकि हम इंग्लैंड जैसी मजबूत टीम के साथ मुकाबला कर रहे हैं। इतना करीब होना दिखाता है कि हम बेहतर हो रहे हैं। इसलिए यह गर्व और पछतावे का मिला-जुला अहसास है। ’’
बहुत कम टीमें आदिल राशिद को इस तरह खेल पाती हैं जैसे नेपाल ने खेला: हैरी ब्रूक
इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने रविवार को यहां टी20 विश्व कप अभियान के पहले मैच में नेपाल के बल्लेबाजों के अपने प्रमुख स्पिनर आदिल राशिद का सामना करने के तरीके पर हैरानी जताई। पूर्व चैंपियन इंग्लैंड ने नेपाल को 185 रन का लक्ष्य दिया और उलटफेर से बचते हुए चार रन से जीत हासिल की।