धोनी ने चिकित्सा बिरादरी के बलिदान और कठिन परिश्रम को किया सलाम

By भाषा | Updated: October 15, 2021 15:04 IST

Open in App

चेन्नई, 15 अक्टूबर पूर्व भारतीय क्रिकेटर महेंद्र सिंह धोनी ने कोविड-19 वैश्विक महामारी के दौरान चिकित्सा बिरादरी द्वारा की गईं सेवाओं और कड़ी मेहनत की सराहना की।

‘कावेरी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स’ की ओर से शुक्रवार को जारी किए गए एक वीडियो में धोनी ने कहा कि चिकित्सक और नर्स असली नायक हैं और उनकी कड़ी मेहनत ही है कि हम सुरक्षित एवं स्वस्थ्य हैं।

धोनी को इस साल की शुरुआत में ‘कावेरी ग्रुप ऑफ हॉस्पिटल्स’ ने अपना ब्रांड एंबेसडर बनाया है।

धोनी ने कहा, ‘‘ थाला, जब भी आप मुझे थाला बुलाते हैं..मुझे लगता है कि मैं एक असली नायक हूं। लेकिन हमारे असली नायक चिकित्सक और नर्स हैं, जो दिन-रात हमारे प्राणों की रक्षा करते हैं। यह उनका ही बलिदान और कठिन परिश्रम है कि हम सुरक्षित एवं स्वस्थ्य हैं।’’

धोनी ‘इंडियन प्रीमियर लीग’ (आईपीएल) की टीम चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान हैं और उनके प्रशंसक उन्हें ‘थाला’ (नेता) कहकर बुलाते हैं।

धोनी इन दिनों आईपीएल खेलने के लिए यूएई में हैं, जहां आज उनकी टीम कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ फाइनल मैच खेलेगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या