आईपीएल फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स को महेंद्र सिंह धोनी अपनी कप्तानी में 3 खिताब दिला चुके हैं। धोनी विश्व कप-2019 के बाद से वापस क्रिकेट मैदान पर नहीं उतरे हैं। इस बार आईपीएल में फैंस को उनसे खासा उम्मीदें थीं, लेकिन कोरोना के चलते लीग को ही अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किया जा चुका है।
अब सीएसके ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक एक तस्वीर शेयर की, जिसके बाद से फैंस माही के संन्यास के कयास लगाने लगे हैं। सीएसके ने उस जगह की तस्वीर पोस्ट की, जिसमें कुछ दिन पहले धोनी अपनी बेटी जीवा को बाइक पर घुमा रहे थे। इसी के साथ फ्रेंचाइजी ने कैप्शन में लिखा- "कल"।
वैसे धोनी के संन्यास को लेकर अफवाहें पहले भी कई बार उड़ाई जा चुकी हैं। हालांकि कुछ फैन इसे चेन्नई सुपर किंग्स के साथ धोनी के लाइव चैट को जोड़कर भी देख रहे हैं।
एकदिवसीय मैचों में माही 10 सेंचुरी और 73 फिफ्टी लगा चुके हैं। वहीं टी20 के 98 मुकाबलों में 2 अर्धशतक की मदद से 1617 रन बना चुके हैं। धोनी का प्रदर्शन आईपीएल में भी शानदार रहा है। इसके 190 मैचों में उन्होंने 65 बार नाबाद रहते हुए 23 अर्धशतक की मदद से 4432 रन बनाए हैं।