केरल में गेंद के आकार वाले आइसक्रीम कंटेनर में विस्फोट, बच्चा घायल

By भाषा | Updated: November 22, 2021 21:00 IST2021-11-22T21:00:02+5:302021-11-22T21:00:02+5:30

Ball-shaped ice cream container explodes in Kerala, child injured | केरल में गेंद के आकार वाले आइसक्रीम कंटेनर में विस्फोट, बच्चा घायल

केरल में गेंद के आकार वाले आइसक्रीम कंटेनर में विस्फोट, बच्चा घायल

कन्नूर (केरल), 22 नवंबर केरल के कन्नूर में गेंद के आकार वाले एक आइसक्रीम कंटेनर में लगे बम में विस्फोट होने से नरिवायल निवासी 12 वर्षीय छात्र घायल हो गया। बच्चा गेंद के आकार वाला आइसक्रीम कंटेनर मिलने के बाद उससे खेल रहा था और इसी दौरान विस्फोट हुआ। पुलिस ने सोमवार को यह जानकारी दी।

पुलिस ने बताया कि उसके साथ रहे अन्य बच्चों को चोट नहीं आयी है। एक पुलिस अधिकारी ने बताया कि मौके से दो और ऐसे ही आइसक्रीम कंटेनर मिले हैं। उन्होंने बताया कि इसमें पायी गई सामग्री का वैज्ञानिक विश्लेषण किया जा रहा है।

पुलिस ने कहा कि वे यह पता लगाने का प्रयास कर रहे हैं कि ये बम कहां से आए और आइसक्रीम कंटेनर में किसने बम लगाए?

पुलिस के मुताबिक, बच्चे क्रिकेट खेल रहे थे और इसी दौरान उनकी गेंद पास के ही एक स्थान पर जा गिरी। बच्चे जब गेंद की तलाश करते हुए पहुंचे तो वहां पड़ी गेंद के आकार के तीन आइसक्रीम कंटनेर मिले, जिन्हें बच्चों ने उठा लिया। पुलिस ने कहा कि जब खेलते हुए 12 वर्षीय बच्चे ने गेंद फेंकी तो उसमें विस्फोट हो गया।

कन्नूर में इस साल इस तरह की यह दूसरी घटना है। इससे पहले मई में इसी तरह के विस्फोट में दो बच्चे घायल हो गए थे।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in app