दुबई: एशिया कप-2022 में अच्छी शुरुआत के बाद सुपर-4 स्टेज में टीम इंडिया को लगातार दो हार का सामना करना पड़ा है। ऐसे में उसके फाइनल में पहुंचने की संभावना लगभग खत्म हो गई है। भारत ने एशिया कप में पाकिस्तान के खिलाफ जीत से अपने अभियान का आगाज किया था। उस समय इसे खिताब का सबसे बड़ा दावेदार माना जा रहा था।
हालांकि, सुपर-4 चरण में पहले पाकिस्तान से और फिर मंगलवार रात श्रीलंका से मिली करीबी हार ने टीम इंडिया और उसके फैंस की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। श्रीलंका ने कल रात भारत को रोमांचक मुकाबले में 6 विकेट से हरा दिया। भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 174 रनों का लक्ष्य दिया था जिसे श्रीलंका ने केवल एक गेंद बाकी रहते हासिल कर लिया।
भारत अब कैसे पहुंचेगा एशिया कप के फाइनल में?
भारत के लिए फाइनल के दरवाजे लगभग बंद हो गए हैं। हालांकि, एक रास्ता अभी भी बाकी है पर सबकुछ अब दूसरी टीमों के प्रदर्शन पर टिका है। खासकर आज शारजाह में होने वाले मुकाबले पर सबकुछ निर्भर है। आज एशिया कप के सुपर-4 में अफगानिस्तान और पाकिस्तान का मुकाबला होना है। पाकिस्तान आज अगर जीत जाता है तो टीम इंडिया टूर्नामेंट से बाहर हो जाएगी।
वहीं, अफगानिस्तान ने उलटफेर करते हुए पाकिस्तान को मात दी तो भारत की उम्मीदें जिंदा रह सकती है। वहीं आगे के मैच पर भी काफी कुछ निर्भर होगा। कुल मिलाकर जो समीकरण हैं, वह कुछ इस तरह हैं।
- अफगानिस्तान आज के मैच में पाकिस्तान को हरा दे।- इसके बाद भारतीय टीम कल अफगानिस्तान के खिलाफ मैच में बड़ी जीत दर्ज करे।- दूसरी ओर श्रीलंका का भी पाकिस्तान से शुक्रवार को मुकाबला है, उसमें श्रीलंका जीत जाए।- ऐसे में भारत, अफगानिस्तान और पाकिस्तान के दो-दो अंक रह जाएंगे। फिर रनरेट पर बात आएगी। इसमें टीम इंडिया अफगानिस्तान से ऊपर है और कुछ अच्छा प्रदर्शन कर पाकिस्तान को पीछे धकेल सकती है।
हालांकि यह सबकुछ होना बेहद मुश्किल है। खासकर अफगानिस्तान की टीम के लिए पाकिस्तान को हराना काफी मुश्किल साबित होगा। इन सबके बावजूद टी20 में चौंकाने वाले नतीजे देखने को मिलते रहे हैं। फिलहाल की स्थिति से ये भी तय हो गया है कि एशिया कप के फाइनल में भारत और पाकिस्तान का मुकाबला नहीं होने वाला है, जिसकी उम्मीद फैंस लगाए हुए थे।