एशेज सीरीज: खराब शुरुआत के बाद संभला ऑस्ट्रेलिया, स्टीव स्मिथ 22वें शतक की ओर

एशेज टेस्ट के दूसरे दिन इंग्लैंड के पहली पारी के 403 रन के जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 3 विकेट पर 203 रन बनाए, स्मिथ 92 रन बनाकर नाबाद हैं

By लोकमत समाचार हिंदी ब्यूरो | Updated: December 15, 2017 17:27 IST2017-12-15T17:23:54+5:302017-12-15T17:27:49+5:30

Ashes Series Steve Smith leads australia fight back on 2nd day of 3rd test vs England | एशेज सीरीज: खराब शुरुआत के बाद संभला ऑस्ट्रेलिया, स्टीव स्मिथ 22वें शतक की ओर

स्टीव स्मिथ

कप्तान स्टीवन स्मिथ के नाबाद 92 रन और उस्माना ख्वाजा अर्धशतकीय पारी ने वाका मैदान पर खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड के खिलाफ ऑस्ट्रेलिया को खराब शुरुआत के बाद संभाल लिया है। दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक ऑस्ट्रेलिया ने तीन विकेट के नुकसान पर 203 रन बनाए हैं। स्मिथ के साथ शॉन मार्श सात रन बनाकर खेल रहे हैं। पहली पारी के आधार पर ऑस्ट्रेलिया अभी भी इंग्लैंड से 200 रन पीछे है। 
 
इससे पहले इंग्लैंड ने डेविड मलान (140), जॉनी बेयरस्टो (119) के बेहतरीन शतकों के दम पर पहली पारी में 403 रन बनाए थे। बहरहाल, ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत अच्छी नहीं रही। उसने अपने दो विकेट 55 रनों पर ही खो दिए थे। 44 के कुल स्कोर पर डेविड वार्नर (22) क्रेग ओवरटन का शिकार बने तो वहीं, 10 रन बाद कैमरून ब्रेनक्रॉफ्ट (25) ओवरटन की गेंद पर ही एलबीडब्ल्यू करार दिए गए। 

इसके बाद ख्वाजा और स्मिथ ने तीसरे विकेट के लिए 124 रनों की साझेदारी करते हुए टीम के संभाला। 179 के कुल स्कोर पर क्रिस वोक्स ने ख्वाजा को पविलियन भेज दिया। उन्होंने 153 गेंदें खेली और आठ चौके लगाए। स्मिथ ने अभी तक अपनी पारी में 122 गेंदें खेली हैं और 14 चौकों के अलावा एक छक्का लगाया है। बेयरस्टो और मलान ने इंग्लैंड की ओर से लगाया शतक

इससे पहले, इंग्लैंड ने चार विकेट के नुकसान पर 305 रनों के साथ दिन की शुरुआत की। मलान पहले दिन ही शतक पूरा कर चुके थे और 110 रनों पर नाबाद लौटे थे। दूसरे दिन उन्होंने अपने स्कोर में 30 रनों का इजाफा और किया और 368 के कुल स्कोर पर नाथन ल्योन की गेंद पर आउट हो गए। उनकी 227 गेंदों की पारी में 19 चौके और एक छक्का शामिल है।

पहले दिन 75 रनों पर नाबाद लौटने वाले बेयरस्टो ने शतक पूरा किया। 389 के कुल स्कोर पर स्टार्क ने उनकी 215 गेंदों में 18 चौकों की मदद से खेली गई 119 रनों की पारी का अंत किया। उनके जाने के 14 रनों के भीतर ऑस्ट्रेलिया ने इंग्लैंड के बाकी बचे दो विकेट लेकर उसे ऑल आउट कर दिया। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मिशेल स्टार्क ने चार बल्लेबाजों जबकि जोश हाजेलवुड ने तीन बल्लेबाजों को पविलियन का रास्ता दिखाया। पैट कमिंस को दो और नाथन ल्योन को एक सफलता मिली। 

Open in app