अर्जुन तेंदुलकर को पहली बार आईपीएल अनुबंध, मुंबई इंडियन्स ने आधार मूल्य पर खरीदा

By भाषा | Updated: February 18, 2021 21:45 IST

Open in App

मुंबई, 18 फरवरी महान बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर के क्रिकेट करियर को गुरुवार को मजबूती मिली जब मुंबई इंडियन्स ने चेन्नई में इंडियन प्रीमियर लीग की खिलाड़ियों की नीलामी में उन्हें खरीदा।

सचिन मुंबई इंडियन्स के लिए खेलने के बाद अब मेंटर की भूमिका निभा रहे हैं और इसी फ्रेंचाइजी ने अर्जुन को 20 लाख रुपये के उनके आधार मूल्य पर खरीदा।

यह फैसला हालांकि हैरानी भरा नहीं है क्योंकि वह पिछले दो से तीन सत्र से फ्रेंचाइजी के लिए नेट गेंदबाज की भूमिका निभा रहे थे।

इक्कीस साल के अर्जुन ने हाल में मुंबई की सीनियर टीम की ओर से पदार्पण किया जब वह हरियाणा के खिलाफ राष्ट्रीय टी20 चैंपियनशिप सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में खेले।

इस बायें हाथ के बल्लेबाज और बायें हाथ के तेज गेंदबाज ने अब मुंबई के लिए टी20 प्रारूप में दो मैच खेलते हुए तीन रन बनाने के अलावा दो विकेट चटकाए हैं।

अर्जुन इससे पहले आयु वर्ग के टूर्नामेंटों में भी मुंबई का प्रतिनिधित्व कर चुके हैं। वह टी20 मुंबई लीग में भी खेले थे।

इस युवा क्रिकेटर ने हाल में प्रतिष्ठित पुलिस शील्ड टूर्नामेंट में भी प्रभावित किया था।

अर्जुन को अतीत में भारतीय राष्ट्रीय टीम के बल्लेबाजों को नेट पर गेंदबाजी करते हुए देखा गया है। वह श्रीलंका दौरे पर भारत की अंडर-19 टीम का भी प्रतिनिधित्व कर चुके हैं।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

संबंधित बातम्या

क्रिकेट अधिक बातम्या