अमरिंदर सिंह ने सिद्धू को दोपहर भोज पर आमंत्रित किया

By भाषा | Updated: November 24, 2020 20:49 IST2020-11-24T20:49:32+5:302020-11-24T20:49:32+5:30

Amarinder Singh invited Sidhu to lunch | अमरिंदर सिंह ने सिद्धू को दोपहर भोज पर आमंत्रित किया

अमरिंदर सिंह ने सिद्धू को दोपहर भोज पर आमंत्रित किया

चंडीगढ़, 24 नवंबर पंजाब के मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह ने नवजोत सिंह सिद्धू को बुधवार को दोपहर भोज पर आमंत्रित किया है। इससे संकेत मिलता है कि पूर्व क्रिकेटर और मुख्यमंत्री के बीच सुलह होने की संभावना है।

सिद्धू ने पिछले साल अहम मंत्रालय वापस लिए जाने के बाद राज्य मंत्रिमंडल से इस्तीफा दे दिया था।

मुख्यमंत्री के मीडिया सलाहकार ने ट्वीट किया कि उम्मीद है कि दोनों नेता राज्य और राष्ट्रीय राजनीति पर चर्चा करेंगे।

मीडिया सलाहकार ने कहा कि पंजाब के मुख्यमंत्री ने सिद्धू को बुधवार को दोपहर भोज पर आमंत्रित किया है। भोज पर दोनों नेताओं के राष्ट्रीय और राज्य की राजनीति पर चर्चा करने की उम्मीद है।

अमरिंदर सिंह और सिद्धू के बीच तनाव पिछले साल मई में तब सार्वजनिक हो गया था जब मुख्यमंत्री ने कांग्रेस विधायक पर आरोप लगाया था कि वह स्थानीय निकाय विभाग को संभालने में सक्षम नहीं हैं और दावा किया था कि इस वजह से 2019 के लोकसभा चुनाव में शहरी क्षेत्रों में कांग्रेस का प्रदर्शन खराब रहा।

मंत्रिमंडल से इस्तीफा देने के बाद सिद्धू कांग्रेस की सभी गतिविधियों से दूर रह रहे थे।

कांग्रेस महासचिव हरीश रावत ने सिद्धू से अमृतसर में उनके आवास पर मुलाकात की थी जिसके बाद वह पिछले महीने मोगा में हुई कांग्रेस की ट्रैक्टर रैली में दिखे थे। यह रैली केंद्र के नए कृषि कानूनों के खिलाफ हुई थी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in app