Highlightsअभिषेक-हार्दिक का तूफान, भारत ने टी20 वर्ल्ड कप में जिम्बाब्वे को 72 रन से रौंदा
IND vs ZIM Highlights: भारत और जिम्बाब्वे के बीच आज चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडयम में टी20 वर्ल्ड कप 2026 का मुकाबला खेला गया, इसमें भारत ने जिम्बाब्वे को 72 रन से हराकर टूर्नामेंट में दमदार वापसी की है। जिम्बाब्वे ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी की और भारत की दमदार बल्लेबाजी ने जिम्बाब्वे को पूरी तरह बैकफुट पर धकेल दिया। इस जीत के बाद भारत ने सुपर 8 में अपने खाते में 2 अंक जोड़ लिए हैं। टीम इंडिया अंकतालिका में तीसरे स्थान पर पहुंच गई है, जिम्बाब्वे आज की हार से सेमीफाइनल की दौड़ से बाहर हो गया। अर्धशतकीय पारी खेलने वाले हार्दिक पंड्या को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया है।
भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 20 ओवर में 4 विकेट खोकर 256 रन का स्कोर खड़ा किया, भारतीय टीम का ये टी20 वर्ल्ड कप इतिहास का सबसे बड़ा स्कोर बताया जा रहा है। संजू सैमसन ने 15 गेंदों में 24 रन बनाए, इशान किशन ने 24 गेंदों में 38 रन, अभिषेक शर्मा ने 26 गेंदों में अर्धशतक लगाया और 55 रन बनाए। कप्तान सूर्यकुमार यादव ने भी 13 गेंदों में 33 रन जोड़े, आखिरी ओवरों में हार्दिक पंड्या ने नाबाद 23 गेंदों में नाबाद 50 रन बनाए। 257 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की टीम 20 ओवर में 6 विकेट पर 184 रन ही बना सकी।