रात नौ बजे तक के मुख्य समाचार

By भाषा | Published: January 9, 2021 09:45 PM2021-01-09T21:45:38+5:302021-01-09T21:45:38+5:30

Headlines till 9 pm | रात नौ बजे तक के मुख्य समाचार

रात नौ बजे तक के मुख्य समाचार

googleNewsNext

नयी दिल्ली, नौ जनवरी शनिवार को रात नौ बजे तक पीटीआई-भाषा से जारी देश-दुनिया के मुख्य समाचार इस प्रकार है:-

दि91 वायरस तीसरी लीड टीकाकरण

देश में 16 जनवरी से शुरू होगा टीकाकरण अभियान

नयी दिल्ली, भारत में 16 जनवरी से कोविड-19 टीकारकरण अभियान शुरु होगा। इसका फैसला शनिवार को देश में कोरोना महामारी की वर्तमान स्थिति और टीकाकरण के मद्देनजर राज्यों व केंद्रशासित प्रदेशों की तैयारियों का जायजा लेने के बाद प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा एक उच्च स्तरीय बैठक में किया गया।

दि85 महाराष्ट्र आग दूसरीलीड नवजात

भंडारा अस्पताल में आग लगने से 10 नवजात बच्चों की मौत

भंडारा, नौ जनवरी पूर्वी महाराष्ट्र के भंडारा जिला अस्पताल में शुक्रवार देर रात विशेष नवजात देखरेख इकाई में आग लगने से 10 नवजात बच्चों की मौत हो गई जबकि सात बच्चों को सुरक्षित बचा लिया गया। कर्मचारियों ने वार्ड से 17 बच्चों में से सात बच्चों को बचा लिया।

दि69 मोदी दूसरी लीड प्रवासी भारतीय

दुनिया कोविड-19 पर भारतीय टीकों का इंतजार कर रही है, टीकाकरण अभियान पर भी निगाहें: मोदी

नयी दिल्ली, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को कहा कि भारत एक नहीं, बल्कि दो ‘मेड इन इंडिया’ कोरोना वायरस टीकों के साथ मानवता की सुरक्षा के लिए तैयार है और दुनिया न केवल कोविड-19 से बचाव के लिए भारत के टीकों का इंतजार कर रही है बल्कि इस पर भी निगाह लगाए है कि कैसे वह विश्व का सबसे बड़ा टीकाकरण अभियान चलाता है।

दि74 इंडोनेशिया दूसरी लीड विमान

इंडोनेशिया में यात्री विमान लापता, 62 लोग थे सवार

जकार्ता, इंडोनेशिया की राजधानी जकार्ता से उड़ान भरने के बाद शनिवार को श्रीविजय एयर के जेट यात्री विमान का संपर्क हवाई यातायात नियंत्रक से टूट गया। घरेलू उड़ान भर रहे इस विमान में 62 लोग सवार थे। अधिकारियों ने यह जानकारी दी।

दि71 चीन भारत लीड सैनिक

भारतीय सेना ने लद्दाख में एलएसी पार करने वाले चीन के सैनिक को पकड़ा

नयी दिल्ली, भारतीय सेना ने पूर्वी लद्दाख में पैंगोंग सो के दक्षिणी तट से शुक्रवार सुबह चीन के एक सैनिक को वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) को पार करके भारतीय क्षेत्र में आने के बाद पकड़ लिया। यह करीब तीन महीने में ऐसी दूसरी घटना है। यह जानकारी आधिकारिक सूत्रों ने शनिवार को दी।

दि89 दिल्ली बर्ड फ्लू लीड केजरीवाल

दिल्ली में जीवित पक्षियों के आयात पर प्रतिबंध, गाजीपुर कुक्कुट बाजार 10 दिन तक बंद रहेगा: केजरीवाल

नयी दिल्ली, दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल ने शनिवार को कहा कि बर्ड फ्लू की दहशत के मद्देनजर राष्ट्रीय राजधानी में जीवित पक्षियों के आयात पर रोक लगा दी गई है तथा गाजीपुर कुक्कुट बाजार अगले 10 दिन तक बंद रहेगा।

दि45 दिल्ली लीड बर्डफ्लू संजय झील

बर्ड फ्लू: जसोला पार्क में मृत मिले 24 कौए, संजय झील में 10 बत्तखों की मौत

नयी दिल्ली, दिल्ली में बर्फ फ्लू के खतरे के बीच जसोला में बीते तीन दिन में कम से कम 24 कौए और संजय झील में 10 बत्तख मरी हुई मिली हैं। अधिकारियों ने शनिवार को यह जानकारी दी।

दि90 राष्ट्रपति प्रवासी लीड आत्मनिर्भर

‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ विश्व व्यवस्था को और अधिक न्यायपूर्ण तथा निष्पक्ष बनाएगा : राष्ट्रपति

नयी दिल्ली, राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने शनिवार को कहा कि ‘आत्मनिर्भर भारत अभियान’ विश्व व्यवस्था को और अधिक न्यायपूर्ण एवं निष्पक्ष बनाएगा तथा यह व्यापक सहयोग और शांति को बढ़ावा देगा।

दि82 बोस समिति लीड मोदी

नेताजी की 125वीं जयंती मनाने के लिए गठित 85-सदस्यीय समिति की अध्यक्षता करेंगे मोदी, ममता भी शामिल

नयी दिल्ली, स्वतंत्रता सेनानी नेताजी सुभाष चन्द्र बोस की 125वी जयंती मनाने के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की अध्यक्षता में 85-सदस्यीय एक उच्च स्तरीय समिति का गठन किया गया है। सरकार ने शनिवार को यह जानकारी दी।

वि24 पाक जैश लीड अजहर

मसूद अजहर को 18 जनवरी तक गिरफ्तार किया जाए : पाकिस्तान की आतंकवाद रोधी अदालत का आदेश

लाहौर, पाकिस्तान की आतंकवाद रोधी अदालत ने पंजाब पुलिस से कहा है कि संयुक्त राष्ट्र से वैश्विक आतंकवादी के रूप में घोषित जैश-ए-मोहम्मद के सरगना मसूद अजहर को आतंकी वित्त पोषण से जुड़े मामले में 18 जनवरी तक गिरफ्तार किया जाना चाहिए।

वि14 ट्विटर लीड ट्रंप

ट्विटर ने ट्रंप का अकाउंट स्थायी रूप निलंबित किया

वाशिंगटन, ट्विटर ने घोषणा की है कि उसने ‘हिंसा के और उकसावे के जोखिम’ के चलते निवर्तमान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का अकाउंट स्थायी रूप से निलंबित कर दिया है। तीन दिन पहले ही ट्रंप के समर्थकों ने कैपिटल बिल्डंग में घुसकर हिंसा की थी जिसमें एक पुलिस अधिकारी समेत पांच लोगों की मौत हो गई।

खेल12 खेल लीड भारत

पुजारा की धीमी बल्लेबाजी पड़ी भारत पर भारी, आस्ट्रेलिया ने शिकंजा कसा

सिडनी, टेस्ट विशेषज्ञ चेतेश्वर पुजारा की धीमी बल्लेबाजी और फॉर्म में चल रहे खिलाड़ियों की चोट भारतीय टीम पर भारी पड़ी और आस्ट्रेलिया ने कुल 197 रन की बढत लेकर तीसरे क्रिकेट टेस्ट में तीसरे दिन शनिवार को शिकंजा कस दिया।

अर्थ4 गोयल अर्थव्यवस्था

संरचनात्मक सुधारों से 2025 तक 5,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करेंगे: गोयल

नयी दिल्ली, भारत 2025 तक 5,000 अरब डॉलर की अर्थव्यवस्था के लक्ष्य को हासिल करने के लिए अपने समूचे पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत कर रहा है। केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग मंत्री पीयूष गोयल ने शनिवार को यह बात कही।

अर्थ9 रोजगार अध्ययन

ऑफिस से दूर रहकर काम करने के चलन से 2021 में अल्पकालिक नौकरियों को मिलेगा बढ़ावा: अध्ययन

मुंबई, कोरोना वायरस महामारी के चलते लॉकडाउन लगाये जाने के बाद 2020 में घर से काम करने की व्यवस्था की सफलता इस साल हाइब्रिड कार्यबल को अल्पकालिक नौकरियों को बढ़ावा देगी। एक अध्ययन में यह कहा गया है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in app