कोविड-19 मामले बढ़ने के बाद भी बीसीसीआई को मुंबई में आईपीएल की मेजबानी का भरोसा

By भाषा | Published: April 3, 2021 07:20 PM2021-04-03T19:20:10+5:302021-04-03T19:20:10+5:30

BCCI confident of hosting IPL in Mumbai even after Kovid-19 cases escalate | कोविड-19 मामले बढ़ने के बाद भी बीसीसीआई को मुंबई में आईपीएल की मेजबानी का भरोसा

कोविड-19 मामले बढ़ने के बाद भी बीसीसीआई को मुंबई में आईपीएल की मेजबानी का भरोसा

googleNewsNext

मुंबई, तीन अप्रैल भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) को मुंबई में कोविड-19 मामलों में तेजी से बढ़ोतरी के बावजूद 10 से 25 अप्रैल के बीच इस शहर में इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) मैचों के आयोजन का भरोसा है और उसका कहना है कि इतने कम समय में वैकल्पिक स्थल पर ‘बायो-बबल’ बनाना संभव नहीं होगा।

दिल्ली कैपिटल्स के अक्षर पटेल और वानखेड़े स्टेडियम के 10 कर्मचारियों तथा बीसीसीआई द्वारा नियुक्त किये गये प्रतियोगिता प्रबंधन से जुड़े छह सदस्यों को इस घातक वायरस से पॉजिटिव पाया गया है। इससे नौ अप्रैल से शुरू होने वाली आईपीएल में पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़ती जारी रही है।

कोरोवा वायरस की स्थिति यदि नियंत्रण से बाहर चली जाती है तो फिर इंदौर और हैदराबाद को आईपीएल के ‘स्टैंड बाई’ स्थान के रूप में रखा गया है लेकिन बीसीसीआई को ये मैच मुंबई में कराने का भरोसा है। मुंबई को इस धनाढ्य लीग के 10 मैचों की मेजबानी करनी है।

बीसीसीआई के एक सीनियर अधिकारी ने शनिवार को पीटीआई-भाषा से कहा, ‘‘हां, हैदराबाद एक ‘स्टैंड बाई’ स्थलों में से एक है लेकिन सभी व्यावहारिक कारणों को देखते हुए हम अब भी मुंबई से मैच शिफ्ट करने के बारे में नहीं सोच रहे हैं। इतने कम समय में एक और ‘बायो-बबल’ बनाना मुश्किल होगा। ’’

इसके अलावा आयोजक वानखेड़े स्टेडियम के कर्मचारियों के कोविड-19 के लिये पॉजिटिव पाये जाने से भी चिंतित हैं। शुक्रवार शाम तक इनकी संख्या आठ थी जो अब बढ़कर 10 हो गयी है।

यही नहीं प्रतियोगिता प्रबंधन दल के छह सदस्यों का परीक्षण भी पॉजिटिव आया है और उन्हें भी पृथकवास पर भेज दिया गया है।

मुंबई क्रिकेट संघ (एमसीए) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘जहां तक मैदानकर्मियों की बात है तो कल तब आठ पॉजिटिव मामले थे। आज दो अन्य मामले पॉजिटिव पाये गये। इससे इनकी संख्या बढ़कर 10 हो गयी। सभी को घर भेज दिया गया है और वे अलग थलग रह रहे हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘हम तैयारियों के लिये कांदिवली से मुंबई क्रिकेट संघ के दूसरे मैदानकर्मियों को ला रहे हैं। इसके अलावा बीसीसीआई के प्रतियोगिता प्रबंधन के छह से सात कर्मचारियों का परीक्षण पॉजिटिव आया है। ’’

दोपहर में दिल्ली कैपिटल्स ने एक बयान जारी कर बताया कि उनके स्पिन आल राउंडर अक्षर पटेल पॉजिटिव आये हैं जिसके बाद उन्हें कोविड-19 पृथकवास सुविधा में भेज दिया गया है।

दिल्ली कैपिटल्स ने शनिवार को जारी बयान में कहा, ‘‘दिल्ली कैपिटल्स के आलराउंडर अक्षर पटेल को कोविड-19 के लिये पॉजीटिव पाया गया है। वह नेगेटिव रिपोर्ट के साथ 28 मार्च 2021 को मुंबई में टीम होटल में पहुंचे थे। कोविड परीक्षण की उनकी दूसरी रिपोर्ट पॉजीटिव आयी है। ’’

इसमें कहा गया है, ‘‘उन्हें निर्दिष्ट चिकित्सा सुविधा में पृथकवास पर भेज दिया गया है। दिल्ली कैपिटल्स की चिकित्सा टीम अक्षर से लगातार संपर्क बनाये हुए है। हम उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करते हैं।’’

महाराष्ट्र में शुक्रवार को 47000 मामले दर्ज किये गये और वहां संभावित लॉकडाउन की स्थिति नजर आ रही है जिसका संकेत मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने दिया है।

उन्होंने कहा, ‘‘अगर मौजूदा स्थिति बनी रही तो मैं लॉकडाउन लगाने की आशंका से इनकार नहीं सकता।’’

मुख्यमंत्री ने कहा, ‘‘राज्य में 2.2 लाख पृथकवास बिस्तर हैं जिनमें से 62 फीसदी भरे हुए हैं । 20,519 आईसीयू बिस्तरों में से 48 फीसदी पर मरीज भर्ती हैं जबकि ऑक्सीजन की उपलब्धता वाले 62,000 बिस्तरों में से 25 फीसदी पर मरीज हैं। इसी तरह 9,347 वेंटिलेटर में से 25 फीसदी पर मरीज हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘ हम बिस्तरों, वेंटिलेटर और ऑक्सीजन की उपलब्धता वाले बिस्तरों की संख्या में इजाफा करेंगे लेकिन स्वास्थ्य पेशेवरों को लेकर क्या करेंगे? हम और अधिक स्वास्थ्यकर्मी कहां से लाएंगे? पिछले एक साल में अधिकतर स्वास्थ्यकर्मी कोविड-19 की चपेट में आए हैं।’’

इस बारे में जब बीसीसीआई के एक वरिष्ठ पदाधिकारी से पूछा गया तो उन्होंने कहा कि बोर्ड स्थिति से चिंतित है लेकिन उसे मैच आयोजित करने की उम्मीद है।

बोर्ड अधिकारी ने कहा, ‘‘देखिये, यदि लॉकडाउन होता है तो टीमें जैव सुरक्षित वातावरण में हैं और वैसे भी दर्शकों को स्टेडियम में आने की अनुमति नहीं है। इसलिए हमें अब भी मुंबई में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार आईपीएल मैचों के आयोजन की उम्मीद है। ’’

उन्होंने कहा, ‘‘लेकिन यदि स्थिति नियंत्रण से बाहर चली आ जाती है तो हैदराबाद और इंदौर को स्टैंड बाई रखा गया है। लेकिन अगर लॉकडाउन होता है, तो मैचों का आयोजन और भी आसान हो जायेगा क्योंकि स्थल के बाहर और अन्य जगहों पर दर्शकों पर नियंत्रण लगा होगा। ’’

मुंबई में अभी दिल्ली कैपिटल्स, मुंबई इंडियन्स, राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स की टीमें हैं लेकिन इनमें कोई भी टीम वानखेड़े नहीं गयी।

अधिकारी ने कहा, ‘‘दिल्ली कैपिटल्स और पंजाब किंग्स ब्रेबोर्न स्टेडियम और बांद्रा कुर्ला काम्पलेक्स मैदान पर अभ्यास कर रही हैं। कोलकाता नाइटराइडर्स (केकेआर) ने चेन्नई रवाना होने से पहले नवी मुंबई में डीवाई पाटिल स्टेडियम में अभ्यास किया था। ’’

उम्मीद है कि राज्य में बढ़ते मामलों को देखते हुए बीसीसीआई की मेडिकल इकाई परीक्षण की संख्या बढ़ा देगी।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in app