पश्चिम एशिया संकटः यूएई के विदेश मंत्री नाहयान और सऊदी अरब के विदेश मंत्री फरहान से फोन पर जयशंकर ने की बातचीत, इन मुद्दे पर चर्चा?
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 15, 2026 20:44 IST2026-03-15T20:43:18+5:302026-03-15T20:44:15+5:30
West Asia crisis: वैश्विक तेल और एलएनजी (द्रवीकृत प्राकृतिक गैस) का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इस मार्ग से होकर गुजरता है।

file photo
West Asia crisis:ईरान और अमेरिका-इजराइल के बीच बढ़ते तनाव के मद्देनजर, विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सऊदी अरब और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के विदेश मंत्रियों से पश्चिम एशिया में उभरती स्थिति के विभिन्न पहलुओं पर चर्चा की। जयशंकर ने शनिवार रात यूएई के विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान और सऊदी अरब के विदेश मंत्री फैसल बिन फरहान से फोन पर बातचीत की। जयशंकर ने रविवार को सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बताया कि उन्होंने पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष से संबंधित घटनाक्रम पर सऊदी अरब के विदेश मंत्री के साथ चर्चा की।
जायद अल नाहयान के साथ हुई बातचीत के बारे में जयशंकर ने कहा, ‘‘क्षेत्रीय स्थिति के विभिन्न पहलुओं पर विचारों का आदान-प्रदान किया।’’ माना जाता है कि जयशंकर की दोनों विदेश मंत्रियों के साथ हुई बातचीत में भारत की ऊर्जा सुरक्षा का मुद्दा भी शामिल था।
ईरान द्वारा फारस की खाड़ी और ओमान की खाड़ी के बीच स्थित एक संकरे समुद्री परिवहन मार्ग, होर्मुज जलडमरूमध्य को लगभग अवरुद्ध कर दिए जाने के बाद वैश्विक तेल और गैस की कीमतों में उछाल आया है। वैश्विक तेल और एलएनजी (द्रवीकृत प्राकृतिक गैस) का लगभग 20 प्रतिशत हिस्सा इस मार्ग से होकर गुजरता है।
एयर इंडिया को पश्चिम एशिया संकट के बीच लंबी उड़ानों के लिए डीजीसीए से अस्थायी छूट
पश्चिम एशिया में बढ़ते संकट के कारण हवाई क्षेत्र प्रतिबंधों के बीच विमानन सुरक्षा निगरानी संस्था नागर विमानन महानिदेशालय (डीजीसीए) ने एयर इंडिया की लंबी दूरी की उड़ानों के लिए अस्थायी छूट दी है। सूत्रों ने रविवार को यह जानकारी दी। पश्चिम एशिया में हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों के कारण एयर इंडिया अब यूरोप और अमेरिका जाने के लिए लंबा मार्ग अपनाकर उड़ानें संचालित कर रही है।
एलपीजी बुकिंग घटकर 77 लाख हुईं, ईंधन की कोई कमी नहीं: सरकार
पश्चिम एशिया में जारी संकट के बीच सरकार ने बताया कि देश में घरेलू एलपीजी रिफिल बुकिंग में गिरावट आई है और यह अब लगभग 77 लाख पर पहुंच गई है, जबकि 13 मार्च को यह 88.8 लाख थी। सरकार ने कहा है कि पेट्रोल, डीजल और रसोई गैस की आपूर्ति पूरी तरह से सुरक्षित है और किसी तरह की कमी नहीं है।
भारत का कच्चे तेल का टैंकर यूएई के फुजैराह से सुरक्षित निकला
तेल टर्मिनल पर हमले के बावजूद संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के फुजैराह से तेल भरने के बाद भारतीय ध्वज वाला कच्चे तेल का एक टैंकर सुरक्षित निकल गया है। सरकार ने रविवार एक अद्यतन सूचना में कहा कि वह पश्चिम एशिया में स्थिति पर करीब से नज़र रख रही है और स्थिर ईंधन आपूर्ति और समुद्री सुरक्षा सुनिश्चित कर रही है।