लाइव न्यूज़ :

बाजार लगातार तीसरे दिन नई रिकार्ड ऊंचाई पर; आरआईएल, एचडीएफसी बैंक चमके

By भाषा | Updated: January 12, 2021 18:31 IST

Open in App

मुंबई, 12 जनवरी शेयर बाजारों में तेजी मंगलवार को भी जारी रही और दोनों सूचकांक लगातार तीसरे दिन रिकार्ड ऊंचाई पर बंद हुए। विदेशी संस्थागत निवेशकों (एफआईआई) के पूंजी प्रवाह के बीच अनुकूल घरेलू गतिविधियों से बाजार में यह तेजी आयी।

तीस शेयरों पर आधारित सेंसेक्स की शुरूआत गिरावट के साथ हुई। लेकिन बाद में यह गिरावट से उबरते हुए एक समय 49,569.14 अंक के रिकार्ड स्तर तक चला गया। अंत में 247.79 अंक यानी 0.50 प्रतिशत की बढ़त के साथ 49,517.11 अंक के अब तक के सर्वोच्च स्तर पर बंद हुआ।

बाजार में अच्छी हिस्सेदारी रखने वाले रिलायंस इंडस्ट्रीज और एचडीएफसी बैंक में लिवाली के जोर से यह तेजी आयी।

इसी प्रकार, नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 78.70 अंक यानी 0.54 प्रतिशत की बढ़त के साथ 14,563.45 अंक के उच्चतम स्तर पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान यह 14,590.65 अंक के रिकार्ड स्तर तक गया।

सेंसेक्स के शेयरों में सर्वाधिक लाभ में भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई) रहा। इसमें 3.65 प्रतिशत की तेजी आयी। इसके अलावा, भारती एयरटेल, रिलायंस इंडस्ट्रीज, एचडीएफसी बैंक, आईटीसी, एक्सिस बैंक और एनटीपीसी लाभ में रहीं।

सेंसेक्स की तेजी में बड़ी हिस्सेदारी आरआईएल और एचडीएफसी बैंक की है।

दूसरी तरफ जिन शेयरों में गिरावट दर्ज की गयी, उनमें एशियन पेंट्स, एचयूएल, नेस्ले इंडिया, टाइटन और कोटक बैंक शामिल हैं। इनमें 3.93 प्रतिशत तक की गिरावट रही।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘आरबीआई के 2021 में फंसे कर्ज (एनपीए) में वृद्धि को लेकर चिंता के बावजूद बाजार में तेजी रही। यह तेजी सार्वजनिक क्षेत्र के बैंकों और वाहन कंपनियों के शेयरों की अगुवाई में आयी। कंपनियों के बेहतर तिमाही परिणाम की उम्मीद में ज्यादातर क्षेत्रों में तेजी रही। औषधि और दैनिक उपयोग का सामान बनाने वाली कंपनियों के शेयरों में कुछ लिवाली देखी गयी।’’

उन्होंने कहा, ‘‘अमेरिकी बांड पर रिटर्न में बढ़ोतरी की प्रवृत्ति लौटी है। इसका प्रभाव भविष्य में उभरते बाजारों पर देखने को मिल सकता है। लेकिन एफआईआई प्रवाह मजबूत बना हुआ है और राजकोषीय प्रोत्साहन की वजह से अधिक आपूर्ति के कारण डॉलर कमजोर बना हुआ है।’’

सोमवार को बाजार बंद होने के बाद जारी रिजर्व बैंक की वित्तीय स्थिरता रिपोर्ट के अनुसार तुलनात्मक आधार पर बैंकों का सकल एनपीए सितंबर 2021 तक बढ़कर 13.5 प्रतिशत हो सकता है जो सितंबर 2020 में 7.5 प्रतिशत था।

वाल स्ट्रीट में नकारात्मक रुख और कई देशों में कोविड-19 के बढ़ते मामलों के कारण वैश्विक स्तर पर मिला-जुला रुख रहा।

विदेशी संस्थागत निवेशक शुद्ध लिवाल बने हुए हैं। शेयर बाजार के पास उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार एफआईआई ने सोमवार को शुद्ध रूप से 3,138.90 करोड़ रुपये मूल्य के शेयर खरीदे।

एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई कंपोजिट सूचकांक, हांगकांग का हैंगसेंग और जापान का निक्की लाभ में रहे जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी नुकसान में रहा।

यूरोप के प्रमुख शेयर बाजारों में शुरूआती कारोबार में सकारात्मक रुख रहा।

इस बीच, वैश्विक तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.60 प्रतिशत की बढ़त के साथ 56.55 डॉलर प्रति बैरल पर कारोबार कर रहा था।

अमेरिकी डॉलर के मुकाबले रुपया 15 पैसे मजबूत होकर 73.25 पर बंद हुआ।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

विश्वझुके ट्रंप? अमेरिका के 2 हफ्तों के युद्धविराम को ईरान ने बताया ऐतिहासिक जीत, कही ये बात

विश्वइस ड्रोन और उस ड्रोन में कितना फर्क है...!

भारतनिजी जासूसी एजेंसियों को लेकर नई चिंताएं

विश्वहोर्मुज जलडमरूमध्य खोलने पर सहमत ईरान?, 14 दिन बमबारी और हमले रोकने को तैयार राष्ट्रपति ट्रंप?, पाकिस्तान के पीएम शरीफ क्या बोले?

विश्व'हम नए लॉन्च प्लेटफॉर्म्स के साथ अपने हमले दोगुने कर देंगे': ट्रंप की धमकी के बाद ईरान का जवाब

कारोबार अधिक खबरें

कारोबार16,720 करोड़ रुपये, पीएमश्री स्कूल योजना के लिए 940 करोड़, छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पुस्तकों के लिए 693 करोड़ की स्वीकृति?

कारोबार8th Pay Commission: 8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग के तहत सैलरी में बढ़ोतरी तुरंत नहीं, अभी लगेगा समय

कारोबार143000 शिक्षामित्रों को 18000 और 24000 अनुदेशकों को मिलेंगे 17000 रुपये?, योगी सरकार पर 1138.12 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार, छात्र-छात्राओं को 25 लाख टैबलेट

कारोबारGold Rate Today: 7 अप्रैल 2026 को सोना हुआ सस्ता, 24 कैरेट सोने की कीमत ₹ 1,51,765 प्रति 10 ग्राम

कारोबारचिंताजनक स्थितिः 59 सालों में जम्मू कश्मीर की 315 झीलें गायब, 203 का क्षेत्रफल कम?, आखिर क्या है माजरा?