चांदी की कीमतें 10,975 रुपये बढ़कर 279275 रुपये प्रति किग्रा, सेंसेक्स 640 अंक चढ़ा, रुपया 36 पैसे की बढ़त के साथ 91.85 प्रति डॉलर
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 10, 2026 19:03 IST2026-03-10T18:07:04+5:302026-03-10T19:03:52+5:30
चांदी के मई महीने में आपूर्ति वाले अनुबंध की कीमत 10,442 रुपये या लगभग चार प्रतिशत बढ़कर 2,77,602 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई। इसमें 2,265 लॉट का कारोबार हुआ।

file photo
नई दिल्लीः राष्ट्रीय राजधानी के सर्राफा बाजार में मंगलवार को चांदी की कीमतों में 10,975 रुपये का उछाल आया और यह 2.79 लाख रुपये प्रति किलोग्राम की ऊंचाई पर पहुंच गई। वहीं, सोने की कीमत में 400 रुपये की बढ़ोतरी हुई। यह बढ़ोतरी मज़बूत वैश्विक रुझानों के चलते हुई, क्योंकि डॉलर की कमजोरी ने इस 'सुरक्षित निवेश' वाली परिसंपत्ति की मांग को बढ़ा दिया।
अखिल भारतीय सर्राफा संघ के अनुसार, लगातार तीन दिन की गिरावट के बाद चांदी की कीमत में 10,975 रुपये, या 4.09 प्रतिशत का ज़बर्दस्त उछाल आया। सोमवार के बंद स्तर 2,68,300 रुपये प्रति किलोग्राम के मुकाबले मंगलवार को यह बढ़कर 2,79,275 रुपये प्रति किलोग्राम (सभी करों सहित) पर पहुंच गई।
कच्चे तेल के दाम में नरमी से शेयर बाजार में तेजी लौटी, सेंसेक्स 640 अंक चढ़ा
स्थानीय शेयर बाजारों में मंगलवार को दो दिन से जारी भारी गिरावट पर अंकुश लगा और बीएसई सेंसेक्स 640 अंक के लाभ में रहा, जबकि एनएसई निफ्टी में 233 अंक की तेजी रही। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के जल्दी समाप्त होने की उम्मीद के बीच कच्चे तेल के दाम में नरमी और दुनिया के अन्य प्रमुख शेयर बाजारों में तेजी से घरेलू बाजार पर सकारात्मक असर हुआ।
रुपया 36 पैसे की बढ़त के साथ 91.85 प्रति डॉलर पर
अमेरिकी मुद्रा के मुकाबले मंगलवार को रुपया अपने रिकॉर्ड निचले स्तर से जोरदार वापसी करते हुए 36 पैसे की बढ़त के साथ 91.85 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर पहुंच गया। पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के कम होने की उम्मीदों के बीच वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में आई भारी गिरावट से रुपये को मजबूती मिली।
फरवरी में इक्विटी म्यूचुअल फंड में निवेश आठ प्रतिशत बढ़कर 25,978 करोड़ रुपये पर
इक्विटी म्यूचुअल फंड योजनाओं में फरवरी के दौरान शुद्ध निवेश आठ प्रतिशत बढ़कर 25,978 करोड़ रुपये हो गया। यह बाजार में उतार-चढ़ाव और वैश्विक अनिश्चितताओं के बावजूद निवेशकों की मजबूत भागीदारी को दर्शाता है।
उद्योग संगठन एम्फी की तरफ से मंगलवार को जारी आंकड़ों के मुताबिक, इक्विटी निवेश में यह बढ़ोतरी लगातार दो महीनों की नरमी के बाद दर्ज की गई। म्यूचुअल फंड उद्योग की कुल प्रबंधन-अधीन परिसंपत्तियां (एयूएम) फरवरी में बढ़कर 82 लाख करोड़ रुपये हो गईं जो जनवरी में 81 लाख करोड़ रुपये थीं।