लाइव न्यूज़ :

फेडरल रिजर्व मौद्रिक नीति की घोषणा से पहले सेंसेक्स 78 अंक नीचे, वित्तीय शेयरों में बिकवाली दबाव

By भाषा | Updated: September 22, 2021 18:25 IST

Open in App

मुंबई, 22 सितंबर उतार-चढ़ाव भरे कारोबार में बीएसई सेंसेक्स बुधवार को 78 अंक की गिरावट के साथ बंद हुआ। अमेरिकी फेडरल रिजर्व की मौद्रिक नीति समीक्षा की घोषणा से पहले निवेशकों के सतर्क रुख के बीच बैंक और वित्तीय शेयरों में बिकवाली से बाजार नीचे आया।

हालांकि, चीन के एवरग्रांडे समूह के कुछ बांड ब्याज के भुगतान को लेकर समझौते की खबर और इसके भुगतान में असफल होने की आशंका दूर होने से वैश्विक बाजारों में सकारात्मक रुख रहा।

तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सूचकांक 77.94 अंक यानी 0.13 प्रतिशत फिसलकर 58,927.33 अंक पर बंद हुआ। नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी भी 15.35 अंक यानी 0.09 प्रतिशत की गिरावट के साथ 17,546.65 अंक पर बंद हुआ।

सेंसेक्स के शेयरों में 1.46 प्रतिशत की गिरावट के साथ सर्वाधिक नुकसान में एचडीएफसी रहा। इसके अलावा नेस्ले इंडिया, आईसीआईसीआई बैंक, कोटक बैंक, एचडीएफसी बैंक, एचयूएल और एक्सिस बैंक में भी प्रमुख रूप से गिरावट रही।

दूसरी तरफ, लाभ में रहने वाले शेयरों में टेक महिंद्रा, महिंद्रा एंड महिंद्रा, एचसीएल टेक, बजाज ऑटो, आरआईएल और टाटा स्टील शामिल हैं। इनमें 3.70 प्रतिशत तक की तेजी आयी।

रिलायंस सिक्योरिटीज के रणनीति प्रमुख विनोद मोदी के अनुसार फेडरल ओपन मार्केट कमेटी (एफओएमसी) की बैठक में किये गये निर्णय की घोषणा आज रात होगी। उससे पहले, घरेलू शेयर बाजार सीमित दायरे में रहा। वैश्विक बाजारों में भी मिला-जुला रुख रहा।

उन्होंने कहा कि वाहन, आईटी और रियल्टी शेयरों में तेजी रही जबकि जी एंटरटेनमेंट के सोनी पिक्चर्स में विलय की खबर से निफ्टी मीडिया सूचकांक 15 प्रतिशत से अधिक चढ़ा।

सार्वजनिक तौर पर कारोबार के लिहाज देश की सबसे बड़ी टेलीविजन नेटवर्क कंपनी जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज और सोनी पिक्चर्स नेटवर्क इंडिया (एसपीएनआई) ने विलय की घोषणा की है। इसके साथ जी एंटरटेनमेंट के शेयरधारकों की कंपनी के प्रमुख अधिकारियों को हटाने की मांग को लेकर चल रही गतिविधियों पर विराम लग गया है।

कंपनी के बयान के अनुसार सोनी कंपनी में 1.557 अरब डॉलर निवेश करेगी और उसकी विलय के बाद बनने वाली कंपनी में 52.9 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी। जबकि जी एंटरटेनमेंट एंटरप्राइजेज की 47.07 प्रतिशत हिस्सेदारी होगी।

जियोजीत फाइनेंशियल सर्विसेज के शोध प्रमुख विनोद नायर ने कहा, ‘‘वैश्विक बाजारों में सकारात्मक संकेत के बावजूद घरेलू शेयर बाजार सीमित दायरे में रहें और शुरूआती बढ़त को बरकरार नहीं रख पायें। हालांकि, व्यापक रूप से बाजार मजबूत रहा। बैंक को छोड़कर अन्य प्रमुख सूचकांक मांग में रहें और मीडिया, धातु तथा रियल्टी शेयरों का प्रदर्शन बेहतर रहा।’’

उन्होंने कहा, ‘‘रियल्टी शेयरों पर निवेशकों की नजर रही। इसका कारण सितंबर में संपत्ति पंजीकरण में वृद्धि है। साथ ही चीन में एवरग्रांड को लेकर मामला हल होने से धातु शेयरों में तेजी लौटी। निवेशकों ने एफओएमसी की बैठक का निर्णय आने से पहले सतर्क रुख के साथ कारोबार किया। एफओएमसी के निर्णय से फेडरल रिजर्व के बांड खरीद कार्यक्रम के रुख के बारे में पता चलेगा।’’

एशिया के अन्य बाजारों में शंघाई में तेजी रही जबकि टोक्यो बाजार नुकसान में रहा। हांगकांग और सियोल बाजार अवकाश के कारण बंद रहे। यूरोप के प्रमुख बाजारों में दोपहर कारोबार में तेजी का रुख रहा।

इस बीच, अंतरराष्ट्रीय तेल मानक ब्रेंट क्रूड 1.12 प्रतिशत बढ़कर 75.19 डॉलर प्रति बैरल पर पहुंच गया। उधर, अमेरिकी डालर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 26 पैसे टूटकर 73.87 पर बंद हुई।

शेयर बाजार में उपलब्ध आंकड़े के अनुसार विदेशी संस्थागत निवेशक मंगलवार को पूंजी बाजार में शुद्ध लिवाल रहें। उन्होंने 1,041.92 करोड़ रुपये मूल्य के शेयरों की शुद्ध रूप से खरीदारी की।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

भारतAssembly Elections 2026: किसे मिलेगी सत्ता? असम, केरल और पुडुचेरी में जनता लिख रही है भविष्य; 4 मई को खुलेगा किस्मत का पिटारा

विश्वUS-Iran Ceasefire: लेबनान हमले का पलटवार, होर्मुज जलडमरूमध्य को फिर बंद करेगा ईरान! भड़का अमेरिका

विश्वइस युद्धविराम के आखिर मायने क्या हैं...?

भारतराहुल सांकृत्यायन: घुमक्कड़ी ने जिन्हें महापंडित बनाया 

पूजा पाठRashifal 09 April 2026: लग्जरी आइटम खरीदने में पैसा होगा खर्च, इन 4 राशिवालों के सितारे बुलंद

कारोबार अधिक खबरें

कारोबार16वीं वार्षिक रिपोर्टः देश में विदेशी छात्रों की संख्या बढ़ना सुकूनदेह

कारोबारसोने की कीमतें 3,007 रुपये बढ़कर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम, जानें चांदी हाल

कारोबारमध्य प्रदेश में रेल क्रांति: देश का चौथा सबसे बड़ा नेटवर्क?, विकास की पटरियों पर दौड़ता 'नया एमपी'

कारोबार1500 करोड़ रुपए का नुकसान?, युद्ध विराम की घोषणा और लखनऊ में प्लास्टिक, साबुन, गत्ता, बेकरी, टेक्सटाइल उद्योग के मालिक और कर्मचारियों ने ली राहत की सांस

कारोबारजयपुर मेट्रो परियोजनाः 13038 करोड़ रुपये की लागत, 36 स्टेशन और प्रहलादपुरा से तोड़ी मोड़ तक 41 किमी लंबा