छह दिनों में पहली बार रुपये में 17 पैसे की गिरावट

By भाषा | Updated: November 27, 2020 18:51 IST2020-11-27T18:51:20+5:302020-11-27T18:51:20+5:30

Rupee falls by 17 paise for the first time in six days | छह दिनों में पहली बार रुपये में 17 पैसे की गिरावट

छह दिनों में पहली बार रुपये में 17 पैसे की गिरावट

मुंबई, 27 नवंबर बैंकों और आयातकों की डॉलर की मांग बढ़ने के बीच अन्तरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में रुपये में विगत पांच सत्रों से जारी तेजी पर ब्रेक लग गया तथा शुक्रवार को अमेरिकी डालर के मुकाबले रुपये की विनिमय दर 17 पैसे की गिरावट के साथ 74.05 पर बंद हुई।

बाजार सूत्रों ने कहा कि घरेलू शेयर बाजार की सुस्ती से भी कारोबारी धारणा प्रभावित हुई। उन्होंने कहा कि सितंबर को समाप्त तिमाही के सकल घरेलू उत्पाद (जीडीपी) आंकड़ों को जारी किये जाने के पहले कारोबारियों ने थोड़ा सतर्कता का रुख भी अख्तियार कर लिया।

सरकारी आंकड़ों के अनुसार कोविड-19 संकट के बीच चालू वित्तवर्ष की जुलाई से सितंबर की तिमाही में भारतीय अर्थव्यवस्था 7.5 प्रतिशत सिकुड़ गई।

अन्तरबैंक विदेशीमुद्रा विनिमय बाजार में रुपया 73.80 पर खुला। दिन में 73.76 के उच्च स्तर और 74.07 के निम्न स्तर को छूने के बाद रुपये का विनिमय दर अंत में 17 पैसे की गिरावट के साथ 74.05 प्रति डॉलर पर बंद हुई।

साप्ताहिक आधार पर रुपये में 11 पैसे का लाभ दर्ज हुआ है।

इस बीच छह प्रमुख प्रतिद्वन्द्वी मुद्राओं की तुलना में डॉलर का सूचकांक 0.04 प्रतिशत की गिरावट के साथ 91.95 रह गया।

घरेलू मोर्चे पर, 30 शेयरों पर आधारित बीएसई-30 सेंसेक्स 110.02 अंक घटकर 44,149.72 अंक पर बंद हुआ।

कच्चे तेल के बाजार में वैश्विक मानक माने जाने वाले ब्रेंट क्रूड वायदा 0.65 प्रतिशत बढ़कर 48.11 डॉलर प्रति बैरल हो गया।

विदेशीमुद्रा बाजार गुरुनानक जयंती के मौके पर सोमवार को बंद रहेगा।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Rupee falls by 17 paise for the first time in six days

कारोबार से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे