रुपया 86 पैसे टूटकर 94.82 प्रति डॉलर?, सोने की कीमत 1.41 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम, चांदी 2.26 लाख रुपये प्रति किग्रा
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 27, 2026 16:39 IST2026-03-27T16:33:51+5:302026-03-27T16:39:46+5:30
पश्चिम एशिया संकट के कारण बढ़ी कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों से घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी गयी है, जिससे सरकारी खजाने पर सालाना 1.75 लाख करोड़ रुपये का राजस्व बोझ पड़ने का अनुमान है।

file photo
मुंबई: रुपया शुक्रवार को 86 पैसे टूटकर 94.82 (अस्थायी) प्रति डॉलर के अब तक के सबसे निचले स्तर पर बंद हुआ। तेल की ऊंची कीमतों और पश्चिम एशिया संघर्ष को लेकर बनी अनिश्चितताओं के बीच अमेरिकी डॉलर के मजबूत होने से घरेलू मुद्रा पर दबाव बना हुआ है। विदेशी मुद्रा कारोबारियों ने बताया कि घरेलू शेयर बाजारों में आई तेज गिरावट और विदेशी निवेशकों (एफआईआई) द्वारा लगातार निकासी से स्थानीय मुद्रा पर और दबाव पड़ा है। वायदा कारोबार में सोने की कीमत शुक्रवार को 1,997 रुपये उछलकर 1.41 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गई।
वैश्विक अनिश्चितताओं, कच्चे तेल की बढ़ती कीमतों के साथ सेंसेक्स 1,690 अंक लुढ़का
स्थानीय शेयर बाजारों में शुक्रवार को दो दिन की तेजी थम गयी और बीएसई सेंसेक्स 1,690 अंक लुढ़क गया जबकि एनएसई निफ्टी में 487 अंक की गिरावट आई। वैश्विक बाजारों में कमजोर रुख और पश्चिम एशिया में संघर्ष में कमी आने के संकेत के अभाव में बाजार में गिरावट आई। कारोबारियों के अनुसार कच्चे तेल की कीमत 100 डॉलर प्रति बैरल से ऊपर बनी रहने, रुपये में गिरावट और विदेशी संस्थागत निवेशकों की लगातार बिकवाली ने भी बाजार की धारणा को कमजोर किया।
वैश्विक बाजारों में मजबूती और भारी गिरावट के बाद निचले स्तर पर खरीदारी के चलते सोने के दाम में तेजी आई है। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में अप्रैल माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 1,997 रुपये यानी 1.43 प्रतिशत की तेजी के साथ 1,41,490 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया। बृहस्पतिवार को शाम के सत्र में यह 4,604 रुपये यानी 3.2 प्रतिशत की गिरावट के साथ 1,39,493 रुपये पर बंद हुआ था।
वायदा कारोबार में शुक्रवार को चांदी की कीमत 6,911 रुपये उछलकर 2.26 लाख रुपये प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अमेरिका और ईरान के बीच युद्ध का खतरा फिलहाल टलने से निवेशकों का भरोसा लौटने से चांदी के भाव में तेजी आई। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (एमसीएक्स) में मई महीने में आपूर्ति वाले चांदी की कीमत 6,911 रुपये यानी 3.14 प्रतिशत की तेजी के साथ 2,26,785 रुपये प्रति किलोग्राम हो गई।
बृहस्पतिवार को शाम के सत्र में चांदी वायदा 14,960 रुपये यानी 6.37 प्रतिशत की भारी गिरावट के साथ 2,19,874 रुपये प्रति किलोग्राम पर रही थी। सरकार ने पेट्रोल और डीजल पर उत्पाद शुल्क में 10-10 रुपये प्रति लीटर की कटौती की है।
इस कदम से पश्चिम एशिया संकट के कारण बढ़ी कच्चे तेल की वैश्विक कीमतों से घरेलू उपभोक्ताओं को राहत दी गयी है, जिससे सरकारी खजाने पर सालाना 1.75 लाख करोड़ रुपये का राजस्व बोझ पड़ने का अनुमान है। इसके साथ ही सरकार ने डीजल और विमान ईंधन (एटीएफ) के निर्यात पर शुल्क लगा दिया है।