Ratan Tata: रतन टाटा अस्पताल में भर्ती, हालात गंभीर?
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: October 9, 2024 23:28 IST2024-10-09T23:25:14+5:302024-10-09T23:28:55+5:30
Ratan Tata: रतन टाटा (86 वर्ष) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती होने की खबरों को ‘अफवाह’ करार देते हुए कहा, ‘ये दावे निराधार हैं।’’

file photo
Ratan Tata: अनुभवी उद्योगपति और टाटा संस के मानद अध्यक्ष (चेयरमैन) रतन टाटा उम्र संबंधी परेशानी के कारण मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। इस मामले से अवगत लोगों ने यह जानकारी दी। उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर टाटा समूह की टिप्पणी तुरंत प्राप्त नहीं हो सकी है। एक सम्मानित और अग्रणी उद्योगपति टाटा अपने परोपकारी कार्यों के लिए भी जाने जाते हैं। टाटा ने सोमवार को कहा था कि उनके स्वास्थ्य के बारे में चिंता का कोई कारण नहीं है और वह उम्र से संबंधित चिकित्सा स्थितियों के लिए जांच करा रहे हैं।
टाटा (86 वर्ष) ने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में मुंबई के एक अस्पताल में भर्ती होने की खबरों को ‘अफवाह’ करार देते हुए कहा, ‘ये दावे निराधार हैं।’’ टाटा ने मार्च 1991 से दिसंबर 2012 तक नमक से लेकर साफ्टवेयर तक बनाने वाली कंपनी ‘टाटा संस’ के अध्यक्ष के रूप में टाटा समूह का नेतृत्व किया।
टाटा ने कहा, ‘‘मैं वर्तमान में अपनी उम्र से संबंधित चिकित्सा स्थितियों के कारण चिकित्सा जांच से गुजर रहा हूं। चिंता का कोई कारण नहीं है। मैं अच्छा हूं।’’ मीडिया की खबरों में दावा किया गया था कि रक्तचाप में गिरावट के बाद टाटा को सोमवार तड़के मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल ले जाया गया था। टाटा ने अपने पोस्ट में कहा, ‘‘मैं अपने स्वास्थ्य को लेकर चल रही हालिया अफवाहों से अवगत हूं और मैं सभी को आश्वस्त करना चाहता हूं कि ये दावे निराधार हैं।’’