नागपुर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस, सिलेंडर की किल्लत नहीं, फिर कतार क्यों?, वाड़ी के अग्रवाल गैस एजेंसी में लगी 2 किमी की लाइन, देखिए तस्वीरें
By फहीम ख़ान | Updated: April 13, 2026 10:41 IST2026-04-13T10:39:45+5:302026-04-13T10:41:29+5:30
ग्राहकों से बात की गई तो बताया कि गैस सिलेंडर की किल्लत नहीं है ऐसा केवल प्रशासन और सरकार कह रही है, असल में सिलेंडर मिल ही नहीं रहे हैं.

photo-lokmat
नागपुरः सरकार और विभिन्न गैस एजेंसियों ने यह साफ कर दिया है कि देश में कहीं पर भी गैस सिलेंडरों की किल्लत नहीं हो रही है. नागपुर जिला प्रशासन भी यह बात कह चुका है, महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने खुद प्रेस कॉन्फ्रेंस लेकर गैस सिलेंडर की किल्लत नहीं होने की बात कही है. बावजूद इसके सोमवार को सुबह सवेरे से नागपुर के वाड़ी स्थित अग्रवाल गैस एजेंसी के बाहर सिलेंडर लेकर ग्राहकों की इस लाइन लगी के सभी इस लाइन को देखते रह गए. नागपुर में तापमान 41 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया है.
ऐसी चिलचिलाती धूप में भी ग्राहक सड़क किनारे सिलेंडर रखकर सिर ढक कर इन लंबी कारों का हिस्सा बन रहे. जब इन ग्राहकों से बात की गई तो उन्होंने बताया कि गैस सिलेंडर की किल्लत नहीं है ऐसा केवल प्रशासन और सरकार कह रही है, असल में सिलेंडर मिल ही नहीं रहे हैं.
होम डिलीवरी रोकी
उल्लेखनीय है कि अग्रवाल गैस एजेंसी ने पिछले दो सप्ताह से इस परिसर में गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी को पूरी तरह बंद कर दिया है. जिसका बड़ा कारण यह कतार मानी जा रही है. इस संबंध में अग्रवाल गैस एजेंसी से बात करने संपर्क किया गया लेकिन उन्होंने फोन रिसीव नहीं किया.
जिले में सिलेंडरों की किल्लत नहीं है
नागपुर के जिला आपूर्ति अधिकारी आनंद पडोले को जब इस संबंध में पूछा गया तो उनका कहना था की नागपुर जिले में कहीं पर भी गैस के सिलेंडरों की किल्लत नहीं है. अगर ऐसा कहीं दिखता है तो बताने के लिए भी उन्होंने कहा. जब उन्हें अग्रवाल गैस एजेंसी के सामने लगी भीड़ के बारे में बताया गया तो इसके बावजूद दोपहर तक वे या उनका विभाग वहां नहीं पहुंच सका था.



