ईरान वार से बाजार बेहाल, बाजार मूल्यांकन 1,02,771.87 करोड़ रुपये कम, एचडीएफसी, आईसीआईसीआई, टीसीएस, बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनिलीवर का बुरा हाल, देखिए शीर्ष 10 कंपनी
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 22, 2026 10:51 IST2026-03-22T10:50:54+5:302026-03-22T10:51:50+5:30
एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (टीसीएस), बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई।

file photo
नई दिल्लीः सेंसेक्स की शीर्ष 10 सबसे मूल्यवान कंपनियों में से पांच के बाजार पूंजीकरण (मार्केट कैप) में बीते सप्ताह एक लाख करोड़ रुपये से अधिक की गिरावट आई। सबसे ज्यादा नुकसान में एचडीएफसी बैंक रहा। पिछले सप्ताह बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स 30.96 अंक या 0.04 प्रतिशत नीचे आया, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज का निफ्टी 36.6 अंक या 0.15 प्रतिशत टूट गया। समीक्षाधीन सप्ताह में जहां एचडीएफसी बैंक, आईसीआईसीआई बैंक, टाटा कंसल्टेंसी सर्विसेज़ (टीसीएस), बजाज फाइनेंस और हिंदुस्तान यूनिलीवर के बाजार पूंजीकरण में गिरावट आई।
वहीं रिलायंस इंडस्ट्रीज, भारती एयरटेल, भारतीय स्टेट बैंक (एसबीआई), इन्फोसिस और भारतीय जीवन बीमा निगम (एलआईसी) की बाजार हैसियत बढ़ गई। शीर्ष 10 में पांच कंपनियों का बाजार मूल्यांकन कुल 1,02,771.87 करोड़ रुपये कम हो गया। सप्ताह के दौरान एचडीएफसी बैंक का मूल्यांकन 56,124.48 करोड़ रुपये घटकर 12,01,267.28 करोड़ रुपये रह गया।
हिंदुस्तान यूनिलीवर की बाजार हैसियत 18,009.62 करोड़ रुपये घटकर 4,89,631.32 करोड़ रुपये रह गई। बजाज फाइनेंस के पूंजीकरण में 15,338.42 करोड़ रुपये की कमी आई और यह 5,16,715.12 करोड़ रुपये पर आ गया। टीसीएस का बाजार पूंजीकरण 7,127.63 करोड़ रुपये घटकर 8,64,940 करोड़ रुपये है।
आईसीआईसीआई बैंक का मूल्यांकन 6,171.72 करोड़ रुपये घटकर 8,91,673.06 करोड़ रुपये रह गया। इस रुख के उलट रिलायंस इंडस्ट्रीज का मूल्यांकन 45,942.75 करोड़ रुपये बढ़कर 19,14,235.92 करोड़ रुपये हो गया। भारती एयरटेल की बाजार हैसियत 24,462.03 करोड़ रुपये बढ़कर 10,52,893.75 करोड़ रुपये है।
एसबीआई का मूल्यांकन 10,707.52 करोड़ रुपये बढ़कर 9,76,968.57 करोड़ रुपये रहा। एलआईसी का बाजार पूंजीकरण 2,624.88 करोड़ रुपये बढ़कर 4,91,610.45 करोड़ रुपये पर पहुंच गया। इन्फोसिस की बाजार हैसियत 2,473.79 करोड़ रुपये बढ़कर 5,08,789.37 करोड़ रुपये हो गई।
शीर्ष 10 कंपनियों की सूची में रिलायंस इंडस्ट्रीज पहले स्थान पर कायम रही। उसके बाद क्रमश: एचडीएफसी बैंक, भारती एयरटेल, एसबीआई, आईसीआईसीआई बैंक, टीसीएस, बजाज फाइनेंस, इन्फोसिस, एलआईसी और हिंदुस्तान यूनिलीवर लिमिटेड का स्थान रहा।