भोपालः दुनिया की सबसे बड़ी ग्राउंडवाटर रिचार्ज परियोजना पर काम करेंगे महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश?

By अनुराग.श्रीवास्तव@लोकमत.इन | Updated: March 1, 2025 17:56 IST2025-03-01T17:53:32+5:302025-03-01T17:56:05+5:30

केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे. 

Maharashtra-Madhya Pradesh to work on world's largest groundwater recharge project cm mohan yadav | भोपालः दुनिया की सबसे बड़ी ग्राउंडवाटर रिचार्ज परियोजना पर काम करेंगे महाराष्ट्र-मध्य प्रदेश?

photo-lokmat

Highlightsलोकमत मीडिया ग्रुप के चेयरमैन विजय दर्डा और देवेंद्र दर्डा ने मुख्यमंत्री मोहन यादव से की मुलाकात। बड़ी ग्राउंडवाटर रिचार्ज परियोजना का लाभ मध्य प्रदेश के दो और महाराष्ट्र के चार जिलों को मिलेगा.भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के परिणाम उत्साहजनक रहे हैं.

भोपालःमध्य प्रदेश और महाराष्ट्र मिलकर तापी बेसिन मेगा रिचार्ज योजना पर काम करने वाले हैं. यह दुनिया की सबसे बड़ी ग्राउंड वाटर रिचार्ज योजना होगी. इसके लिए मार्च के अंत में दोनों राज्यों के सरकारों के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर होंगे. मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने लोकमत मीडिया ग्रुप के चेयरमैन विजय दर्डा और मैनेजिंग डायरेक्टर देवेंद्र दर्डा से मुलाकात के दौरान यह जानकारी दी. उन्होंने यह भी कहा कि दुनिया की सबसे बड़ी ग्राउंडवाटर रिचार्ज परियोजना का लाभ मध्य प्रदेश के दो और महाराष्ट्र के चार जिलों को मिलेगा.

इससे इन क्षेत्रों में भूजल स्तर में वृद्धि होगी और बड़ी आबादी को फायदा होगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस अंतर-राज्यीय संयुक्त परियोजना को लेकर कोई गतिरोध नहीं है. जल्द ही केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल और महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में एमओयू पर हस्ताक्षर किए जाएंगे. 

ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के नतीजे उत्साहजनक

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने बताया कि हाल ही में भोपाल में आयोजित ग्लोबल इन्वेस्टर समिट के परिणाम उत्साहजनक रहे हैं. उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार सिर्फ निवेश प्रस्तावों तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि 100 करोड़ रुपए से अधिक के निवेश प्रस्तावों को विशेष रूप से ट्रैक किया जाएगा. इसके लिए अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है कि वे निवेशकों के साथ लगातार संपर्क में रहें और ठोस परिणाम सुनिश्चित करें. उन्होंने यह भी कहा कि समिट से पहले क्षेत्रीय औद्योगिक कॉन्क्लेव आयोजित कर स्थानीय निवेश को प्रोत्साहित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने के प्रयास किए गए हैं.

विदर्भ से सटे हिस्सों में औद्योगिक कॉरिडोर

लोकमत मीडिया ग्रुप के चेयरमैन विजय दर्डा ने मुख्यमंत्री से मुलाकात के दौरान मध्य प्रदेश और महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र के घनिष्ठ संबंधों पर चर्चा की. उन्होंने सुझाव दिया कि मध्य प्रदेश और विदर्भ से सटे हिस्सों को मिलाकर नया औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जा सकता है. इस पर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों के साथ चर्चा कर इस प्रस्ताव पर अमल करने का भरोसा दिलाया.

जवाहरलाल दर्डा की प्रतिमा का अनावरण करेंगे मुख्यमंत्री

लोकमत मीडिया ग्रुप के चेयरमैन विजय दर्डा के अनुरोध पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने जबलपुर के विक्टोरिया हॉस्पिटल में स्थापित स्वतंत्रता सेनानी और लोकमत समूह के संस्थापक संपादक जवाहरलाल दर्डा की प्रतिमा के अनावरण पर सहमति व्यक्त की. जल्द ही मुख्यमंत्री इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम में शामिल होंगे. इस अवसर पर विजय दर्डा ने अपनी लिखित पुस्तकें भी मुख्यमंत्री को भेंट कीं.

Web Title: Maharashtra-Madhya Pradesh to work on world's largest groundwater recharge project cm mohan yadav

कारोबार से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे