LPG Crisis Impact In Bihar: कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें?, पटना, शिवहर, मुजफ्फरपुर और सुपौल के जिलाधिकारी ने क्या कहा?

By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: March 12, 2026 18:25 IST2026-03-12T18:23:55+5:302026-03-12T18:25:25+5:30

LPG Crisis Impact In Bihar:कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी या व्यक्ति के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।

LPG Crisis Impact In Bihar Long queues people outside gas agencies in many districts Deputy Chief Minister Samrat Choudhary said keeping eye black marketing | LPG Crisis Impact In Bihar: कई जिलों में गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें?, पटना, शिवहर, मुजफ्फरपुर और सुपौल के जिलाधिकारी ने क्या कहा?

सांकेतिक फोटो

HighlightsLPG Crisis Impact In Bihar: पूरा प्रशासनिक तंत्र सक्रिय रूप से काम कर रहा है।LPG Crisis Impact In Bihar: लापरवाही, उदासीनता या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। LPG Crisis Impact In Bihar: वितरकों और गैस कंपनियों के पास एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है।

पटना: बिहार के कई जिलों में बृहस्पतिवार को गैस एजेंसियों के बाहर लोगों की लंबी कतारें देखी गईं। हालांकि, प्रशासन ने दावा किया कि रसोई गैस (एलपीजी) सिलेंडर की कोई कमी नहीं है। बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बुधवार को कहा था कि केंद्र और राज्य सरकार लोगों को एलपीजी सिलेंडर की पर्याप्त आपूर्ति सुनिश्चित करने और कालाबाजारी पर रोक लगाने के लिए काम कर रही है। पटना के जिलाधिकारी त्यागराजन एस एम ने कहा कि घरेलू गैस उपभोक्ताओं को किसी तरह की असुविधा न हो, इसके लिए पूरा प्रशासनिक तंत्र सक्रिय रूप से काम कर रहा है।

उन्होंने कहा, ‘‘किसी भी तरह की लापरवाही, उदासीनता या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। कालाबाजारी, जमाखोरी या अधिक कीमत पर बिक्री की शिकायत मिलने पर संबंधित एजेंसी या व्यक्ति के खिलाफ तुरंत प्राथमिकी दर्ज कर गिरफ्तारी के निर्देश दिए गए हैं।’’

इस बीच, गैस सिलेंडर आपूर्ति करने वाली एजेंसी के एक प्रतिनिधि के खिलाफ उपभोक्ता की शिकायत पर पटना के पाटलिपुत्र थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। जिला प्रशासन ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा कि सभी वितरकों और गैस कंपनियों के पास एलपीजी की पर्याप्त उपलब्धता है।

त्यागराजन ने बताया कि उन्होंने इस मुद्दे पर क्षेत्रीय अधिकारियों, गैस कंपनियों के अधिकारियों, अपर समाहर्ता (आपूर्ति), प्रमंडलीय विशेष पदाधिकारी और सभी अनुमंडल पदाधिकारियों (एसडीओ) के साथ समीक्षा बैठक की है। उन्होंने बताया कि प्रशासनिक निगरानी को मजबूत करने के लिए प्रखंड स्तर पर 28 विशेष धावा दलों का गठन किया गया है।

इन टीमों का मुख्य उद्देश्य गैस सिलेंडरों की जमाखोरी रोकना और उपभोक्ताओं तक समय पर आपूर्ति सुनिश्चित करना है। उन्होंने बताया कि इसके साथ ही गैस डीलरों के प्रतिष्ठानों पर दंडाधिकारी और पुलिस बल की तैनाती भी की गई है ताकि वितरण प्रक्रिया में पारदर्शिता बनी रहे। वहीं, बिहार के शिवहर जिले में लछका पुल के पास लोगों ने एलपीजी सिलेंडरों की कथित कालाबाजारी के विरोध में प्रदर्शन भी किया।

शिवहर की जिलाधिकारी प्रतिभा रानी ने कहा कि जिले में एलपीजी सिलेंडरों की नियमित आपूर्ति हो रही है और पर्याप्त भंडारण है। उन्होंने कहा, ‘‘एलपीजी सिलेंडरों की कोई कमी नहीं है। हमारे पास पर्याप्त भंडारण है और आपूर्ति नियमित है। इस संबंध में हमने तीन प्रमुख कंपनियों - इंडियन ऑयल, एचपीसीएल और बीपीसीएल - से भी समन्वय किया है।’’

जिलाधिकारी ने बताया कि लछका पुल के पास एक गैस एजेंसी को लेकर ‘‘छोटी सी समस्या’’ हुई थी, जिसे अब सुलझा लिया गया है। मुजफ्फरपुर के जिलाधिकारी सुब्रत कुमार सेन ने कहा कि जिले में एलपीजी सिलेंडरों का पर्याप्त भंडार है और फिलहाल किसी तरह की कमी नहीं है।

सुपौल के जिलाधिकारी ने भी कहा कि जिले में कालाबाजारी रोकने के लिए एसडीओ और आपूर्ति अधिकारी सतर्कता बरत रहे हैं। उन्होंने कहा, ‘‘बुकिंग के दो से तीन दिन के भीतर लोगों को सिलेंडर मिल जाएगा। वे अनावश्यक अफवाहों पर ध्यान न दें। कालाबाजारी में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।’’

Web Title: LPG Crisis Impact In Bihar Long queues people outside gas agencies in many districts Deputy Chief Minister Samrat Choudhary said keeping eye black marketing

कारोबार से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे