केरल उद्योगों के अनुकूल राज्य, बाहर से छवि खराब करने का प्रयास हो रहा है : मुख्यमंत्री
By भाषा | Updated: July 13, 2021 22:13 IST2021-07-13T22:13:45+5:302021-07-13T22:13:45+5:30

केरल उद्योगों के अनुकूल राज्य, बाहर से छवि खराब करने का प्रयास हो रहा है : मुख्यमंत्री
नयी दिल्ली, 13 जुलाई केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने इस बात पर जोर दिया है कि उनका राज्य ‘उद्योगों के अनुकूल’ है और विभिन्न कंपनियां वहां निवेश के बड़े अवसर तलाश रही है।। काइटेक्स समूह के साथ विवाद के बीच केरल के मुख्यमंत्री का यह बयान आया है।
काइटेक्स ने केरल में अधिकारियों द्वारा उत्पीड़न किए जाने का आरोप लगाते हुए राज्य में एक बड़े निवेश की परियोजना को दूसरे राज्य में ले जाने का फैसला किया है।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय राजधानी में मीडिया से बातचीत में कहा कि सरकार राज्य के उद्योगों के अनुकूल माहौल को मजबूत करने का प्रयास कर रही है। इस दिशा में बदलाव किए गए हैं।
काइटेक्स समूह विवाद के बीच विजयन ने कहा कि बाहर से केरल की छवि ऐसा बनाने की कोशिश हो रही है कि राज्य में उद्योगों के साथ दोस्ताना बर्ताव नहीं होता। ऐसा बिल्कुल नहीं है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि कई कंपनियां राज्य में निवेश के बड़े अवसर तलाश रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य की और बाहर की कई इकाइयां केरल में कारोबार कर रही हैं।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।