विमान ईंधन की कीमत बढ़ाकर रिकॉर्ड 2,07,341.22 रुपये प्रति किली, जानें जेब पर असर
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: April 1, 2026 17:59 IST2026-04-01T17:56:30+5:302026-04-01T17:59:11+5:30
सरकार के विमान ईंधन (एटीएफ) कीमत में सीमित बढ़ोतरी के फैसले से विमानन कंपनियों की घरेलू परिचालन लागत नियंत्रण में बनी रहेगी।

विमान ईंधन की कीमत बढ़ाकर रिकॉर्ड 2,07,341.22 रुपये प्रति किली, जानें जेब पर असर
नई दिल्लीः वैश्विक स्तर पर तेल कीमतों में आए उछाल के कारण एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) या विमान ईंधन की कीमत बुधवार को बढ़ाकर रिकॉर्ड 2.07 लाख रुपये प्रति किलोलीटर से अधिक कर दी गई। हालांकि, सार्वजनिक क्षेत्र की पेट्रोलियम कंपनियों ने घरेलू विमानन कंपनियों के लिए इसे 8.5 प्रतिशत तक सीमित रखा गया। ऊर्जा क्षेत्र में मजबूत रुझानों के बीच वाणिज्यिक एलपीजी और प्रीमियम पेट्रोल की दरों में भी वृद्धि की गई। सरकार के विमान ईंधन (एटीएफ) कीमत में सीमित बढ़ोतरी के फैसले से विमानन कंपनियों की घरेलू परिचालन लागत नियंत्रण में बनी रहेगी।
अतिरिक्त ईंधन अधिभार लगाने की नौबत नहीं आएगी। नागर विमानन मंत्रालय के संयुक्त सचिव असंगबा चुबा आओ ने कहा कि विमानन टर्बाइन ईंधन (एटीएफ) की कीमतों में आंशिक बढ़ोतरी के साथ विमानन कंपनियां अपनी कीमतों को फिर से समायोजित करेंगी। इस कदम से उद्योग में संभावित बड़े संकट को टाल दिया गया है।
हालांकि, घरेलू विमानन कंपनियों के लिए केवल 8.5 प्रतिशत बढ़ोतरी की गई है। घरेलू विमानन कंपनियों को अन्य संचालकों की तुलना में करीब आधी कीमत चुकानी होगी। गैर-निर्धारित (नॉन-शेड्यूल्ड), तदर्थ (एडहॉक) और ‘चार्टर’ जैसी अन्य उड़ानों के लिए एटीएफ की कीमत 1,10,703.08 रुपये प्रति किलोलीटर से 114.5 प्रतिशत बढ़ाकर 2,07,341.22 रुपये प्रति किलोलीटर की गई है।
वित्त वर्ष के पहले दिन शेयर बाजार में तेजी; सेंसेक्स 1,187 अंक चढ़ा, निफ्टी भी मजबूत
चालू वित्त वर्ष के पहले दिन स्थानीय शेयर बाजार में तेजी रही और बीएसई सेंसक्स 1,187 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 348 अंक की बढ़त में रहा। पश्चिम एशिया में तनाव कम होने की उम्मीद के बीच वैश्विक बाजारों में तेजी के साथ घरेलू बाजार में मजबूती आई।
तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 1,186.77 अंक यानी 1.65 प्रतिशत बढ़कर 73,134.32 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय इसमें 2,017.03 अंक की तेजी दर्ज की गई और यह 73,964.58 अंक पर पहुंच गया था।