लाइव न्यूज़ :

दिवाला संहिता ने कर्ज देनदारी में डूबी कंपनियों के बारे में समाज की सोच बदल दी : साहू

By भाषा | Updated: June 20, 2021 15:01 IST

Open in App

नयी दिल्ली, 20 जून भारतीय दिवाला एवं ऋण शोधन-अक्षमता बोर्ड (आईबीबीआई) के अध्यक्ष एम एम साहू ने दिवाला संहिता को एक ऐसा बड़ा नीतिगत सुधार बताया है जो अब हितधारकों की ओर से, हितधारकों के लिए और हितधारकों का सुधार बन गया है।

उन्होंने कहा कि इस संहिता ने कंपनी दिवालापन के बारे में समाज की सोच बदल दी। बहुत से लोग कर्ज शोधन में असमर्थ थे और कारोबार से निकलने का रास्ता चाहते थे। उन्हें इस तरह के रास्ते की प्रतीक्षा थी और इस कानून से उन्हें उसका रास्ता मिला है।

साहू ने पीटीआई-भाषा से विशेष बातचीत में कहा कि इस संहिता के लागू होने के बाद उच्चतम न्यायालय ने इससे संबंधित जितने भी निर्णय दिए हैं, उससे यह संहिता और सशक्त तथा व्यापक हुई है। उन्होंने कहा कि यह बड़े गौरव के साथ कहा जा सकता है कि इस संहिता के विषय में न्यायालय की सबसे ज्यादा व्याख्याएं/ निर्णय इकट्ठा हो चुके हैं, जो इसके क्रियान्वयन में सहायक हो रहे हैं।

इस संहिता के तहत अब तक 70 प्रतिशत मामलों का समाधान ऋण-समाधान प्रक्रिया के जरिये और 30 प्रतिशत का समाधान परिसम्पत्ति के परिसमापन के रूप में हुआ है।

साहू अक्टूबर, 2016 में बोर्ड के गठन के बाद से ही इसके अध्यक्ष है। उन्होंने कहा कि यह संहिता कारोबार में दिवालापन के बारे में समाज की सोच बदल रही है। दिवाला कंपनी को ऋण समाधान प्रक्रिया के माध्यम से उबारने और जो कंपनी चल ही नहीं सकती उसे परिसमाप्त करने या स्वैच्छिक परिसमापन की व्यवस्था से उन उद्यमियों का फंदे से बाहर आने का मौका मिला है जो ईमानदारी से चल रहे थे पर उनका दिवाला पिट गया था।

उन्होंने कहा , ‘ ऐसी कंपनी जो बाजार का दबाव नहीं झेल पा रही है वह इस संहिता का सहारा लेकर अपने कारोबार का पुनर्गठन कर सकती है या ससम्मान बाजार से बाहर जा सकती है। इस तरह ‘विफलता में सफलता’ देश में नए उद्यमियों के लिए एक नया राग बनने जा रहा है।’

वह दिन दूर नहीं है जब भारत में कंपनी जगत में ‘ विफलता का भी अभिनंदन’ होगा।

दिसंबर, 2016 में दिवाला संहिता लागू होने के बाद अब तक ऋण समाधान प्रक्रिया के 4,376 मामले आ चुके हैं। इनमें से 2,653 का निपटारा हो चुका है। इनमें 348 मामलों में ऋण समाधान योजनाओं को स्वीकृति दी जा चुकी है। 617 का निपटरा अपील या समीक्षा के स्तर पर हुआ है। 411 मामले वापस ले लिए गए हैं तथा 1,277 में परिसमापन के आदेश हुए हैं।

उन्होंने अब तक अनुभावों के आधार पर कहा कि ‘(कारोबार से) बाहर निकलने की स्वतंत्रता की भारी अतृप्त प्यास ने इस संहिता को हितधारकों की ओर से , हितधारकों के लिए और हितधारकों का सुधार बना दिया है।’

आईबीबीआई चेयरमैन ने कहा कि इस संहिता में अनुचित तत्वों को ऋणग्रस्त कंपनी पर कब्जा करने से रोकने की जो पाबंदिया लगायी गयी हैं उससे ऋणी-और ऋणदाता के बीच संबंधों का एक स्वस्थ वातावरण बना है।

उन्होंने कहा कि इस संहिता से भारत में कारोबार की सुगमता बढ़ाने में मदद मिली है। उन्होंने कहा कि छह संशोधनों और कुछ छोटे कानूनों से इस संहिता की प्रासंगिकता बनी रही और इसके क्रियान्वयन एवं बदलती आवश्यकताओं से निपटने में सहायता मिली। यह कानून ऐसे समय लागू किया गया जब कि अराजकता की स्थिति थी जिसमें सभी ऋणदाताओं के दावों का योग उपलब्ध सम्पत्ति से मेल नहीं खाता था।

उन्होंने कहा कि सफलता के साथ कुछ कमियां हैं। दूसरे देश से जुड़ा दिवालापन या समूह के दिवालापन से निपटने की व्यवस्था के कलपुर्जे जोड़ने की जरूरत है। मूल्यांकनकर्ता पेशेवरों का काडर खड़ा करने की दिशा में काम शुरू हो गया है पर संस्थागत व्यवस्था स्थापित होने में कुछ समय लेगा।

उन्होंने कहा कि रिण समाधान की पुरानी व्यवस्था में औसतन करीब पांच साल का समय लगता था। इस समय औसत 400 दिन का समय लग रहा है। समय घटा है पर यह 180 दिन या अधिकतम 270 दिन के लक्ष्य से अधिक है।

साहू ने यह भी कहा के आर्थिक क्षेत्र के कानून या अधिनियम प्रारंभ में मूलत: ‘अस्थिपंजर होते हैं। उनमें रक्त-मांस का समावेश न्यायिक निर्णयों से ही होता है। इसी संदर्भ में उन्होंने उच्चतम न्यायालय के निर्णयों की भूमिका का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि न्यायालय ने इस संहिता के साथ प्रयोग की स्वंत्रता दी। साथ ही उसने विधि-सिद्धांत के प्रश्नों का समाधान किया, कई अवधारणाओं की व्याख्या की, टेढ़े विवादों का समाधान किया और यह स्पष्ट किया कि क्या मान्य है और क्या अमान्य।

इस संहिता के बाद 3,500 दिवालापन समाधान पेशेवरों की एक बड़ी फौज तयार हुई है। तीन दिवाला समाधान पेशवर एजेंसियां बनी है। 80 समाधान पेशेवर इकाइयां काम कर रही है। 4,000 मूल्यांकनकर्ता पंजीकृत हैं। 16 पंजीकृत मूल्यांकक संगठन और एक सूचना इकाई काम कर रही है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Open in App

संबंधित खबरें

कारोबारRBI MPC Meeting: रेपो रेट में कोई बदलाव नहीं, आरबीआई ने 5.25% को रखा बरकरार; नहीं बढ़ेगी आपकी ईएमआई

भारतनहीं रहीं मोहसिना किदवई, उत्तर प्रदेश से लेकर केंद्र की राजनीति तक, 5 दशकों तक छाई रहने वाली कांग्रेस दिग्गज नेता का निधन

विश्वइजरायल ने किया अमेरिका के सीजफायर का समर्थन, मगर हिजबुल्लाह के खिलाफ जंग रहेगी जारी

भारतDC vs GT, IPL 2026: फ्री होकर देखिए मैच, दिल्ली मेट्रो देर रात तक पहुंचाएंगी घर, DMRC ने बदली अपनी टाइमिंग

कारोबारPetrol, Diesel Price Today: अमेरिका-ईरान युद्धविराम के चलते कच्चे तेल की कीमतों में गिरावट, जानें भारत में ईंधन की कीमतों को कितना मिलेगा फायदा

कारोबार अधिक खबरें

कारोबार16,720 करोड़ रुपये, पीएमश्री स्कूल योजना के लिए 940 करोड़, छात्र-छात्राओं को निःशुल्क पुस्तकों के लिए 693 करोड़ की स्वीकृति?

कारोबार8th Pay Commission: 8th Pay Commission: 8वें वेतन आयोग के तहत सैलरी में बढ़ोतरी तुरंत नहीं, अभी लगेगा समय

कारोबार143000 शिक्षामित्रों को 18000 और 24000 अनुदेशकों को मिलेंगे 17000 रुपये?, योगी सरकार पर 1138.12 करोड़ रुपये का अतिरिक्त भार, छात्र-छात्राओं को 25 लाख टैबलेट

कारोबारGold Rate Today: 7 अप्रैल 2026 को सोना हुआ सस्ता, 24 कैरेट सोने की कीमत ₹ 1,51,765 प्रति 10 ग्राम

कारोबारचिंताजनक स्थितिः 59 सालों में जम्मू कश्मीर की 315 झीलें गायब, 203 का क्षेत्रफल कम?, आखिर क्या है माजरा?