अमेरिका-ईरान युद्धः राहत की खबर, रविवार को भी गैस सिलेंडर करें बुक और होम डिलीवरी जारी
By मुकेश मिश्रा | Updated: March 14, 2026 16:22 IST2026-03-14T16:20:42+5:302026-03-14T16:22:01+5:30
indore US-Iran war:कदम अमेरिका-ईरान संघर्ष से उत्पन्न अनिश्चितता के बीच ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया है, जहां वैश्विक तेल कीमतों में भारी उछाल दर्ज किया गया है।

file photo
indore:अमेरिका और ईरान के बीच तनावपूर्ण युद्ध की स्थिति के वैश्विक प्रभावों को ध्यान में रखते हुए इंदौर जिला प्रशासन ने गैस आपूर्ति व्यवस्था को बाधित न होने देने का महत्वपूर्ण फैसला लिया है। रविवार को सभी गैस एजेंसियों के कार्यालय खुले रहेंगे और गैस बुकिंग व रिफिल का कार्य सामान्य दिनों की तरह जारी रहेगा।कलेक्टर शिवम वर्मा के सख्त निर्देशों पर अमल करते हुए जिला आपूर्ति नियंत्रक एम.एल. मारू ने बताया कि अंतरराष्ट्रीय तेल बाजार में उथल-पुथल के बीच घरेलू गैस सप्लाई चेन को मजबूत रखना जरूरी है। सभी सेल्स ऑफिसरों को निर्देश दिए गए हैं कि रविवार को कोई भी एजेंसी बंद न हो।
एजेंसी संचालकों और उनकी टीमों को पूर्ण क्षमता से काम करने, मानव संसाधन, वाहनों और अन्य व्यवस्थाओं की योजना आज ही तैयार करने को कहा गया है। प्रशासन ने स्पष्ट किया कि आपात स्थिति में रविवार को भी गैस सिलेंडरों की होम डिलीवरी सामान्य दिनों जैसी जारी रहेगी।
इससे सोमवार को बैकलॉग न जमा हो और उपभोक्ताओं को परेशानी न हो। गैस प्लांट भी रविवार को पूरी तरह क्रियाशील रहेंगे। यह कदम अमेरिका-ईरान संघर्ष से उत्पन्न अनिश्चितता के बीच ऊर्जा सुरक्षा सुनिश्चित करने की दिशा में उठाया गया है, जहां वैश्विक तेल कीमतों में भारी उछाल दर्ज किया गया है। जिला प्रशासन ने उपभोक्ताओं से शांतिपूर्ण बुकिंग की अपील की है।