दुबई एक्सपो में भारत अपनी उपलब्धियों और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन करेगा: अधिकारी
By भाषा | Updated: September 27, 2021 16:50 IST2021-09-27T16:50:09+5:302021-09-27T16:50:09+5:30

दुबई एक्सपो में भारत अपनी उपलब्धियों और सांस्कृतिक विविधता का प्रदर्शन करेगा: अधिकारी
दुबई, 27 सितंबर भारत एक अक्टूबर से शुरू हो रहे दुबई एक्सपो 2020 में अपनी कला, संस्कृति और व्यंजनों के साथ ही अपनी प्रमुख उपलब्धियों का प्रदर्शन करेगा। भारतीय दूतावास ने यह जानकारी दी।
संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारत के राजदूत पवन कपूर ने कहा, ‘‘यह बहुत स्पष्ट है कि हमारी जनसंख्या के अनुपात के आधार पर, यहां हमारे जिस तरह के संपर्क हैं, हम दुबई एक्सपो में सबसे बड़े भागीदार होंगे।’’
यह आयोजन 183 दिन तक चलेगा और 31 मार्च 2022 को खत्म होगा। इस दौरान भारतीय मंडप
में दुनिया को भारत की सांस्कृतिक विविधता, प्राचीन धरोहर, व्यावसायिक उपलब्धियों और अत्याधुनिक तकनीकों से परिचित कराया जाएगा।
भारतीय मंडप दुबई एक्सपो 2020 में सबसे बड़े मंडपों में से एक है।
एक आधिकारिक बयान में कहा गया, ‘‘भारतीय मंडप में दुनिया देश की सांस्कृतिक विविधता, प्राचीन धरोहर, व्यावसायिक उपलब्धियों और अत्याधुनिक तकनीकों के साथ अग्रणी अवसरों का अनुभव करेगी। इसमें एक आधुनिक भारत के साथ ही भारतीय कला, संस्कृति और व्यंजनों को प्रदर्शित किया जाएगा। यह कार्यक्रम 183 दिन तक चलेगा।’’
केंद्रीय वाणिज्य एवं उद्योग तथा कपड़ा मंत्री पीयूष गोयल एक अक्टूबर को भारतीय दीर्घा का उद्घाटन करेंगे।
Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।