गजेन्द्र सिंह तेल एवं गैस क्षेत्र के नियामक पीएनजीआरबी के सदस्य नियुक्त

By भाषा | Updated: August 10, 2021 18:43 IST2021-08-10T18:43:49+5:302021-08-10T18:43:49+5:30

Gajendra Singh appointed member of oil and gas sector regulator PNGRB | गजेन्द्र सिंह तेल एवं गैस क्षेत्र के नियामक पीएनजीआरबी के सदस्य नियुक्त

गजेन्द्र सिंह तेल एवं गैस क्षेत्र के नियामक पीएनजीआरबी के सदस्य नियुक्त

नयी दिल्ली, 10 अगस्त सार्वजनिक क्षेत्र की गेल इंडिया लि. में पूर्व विपणन निदेशक गजेन्द्र सिंह को पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस नियामकीय बोर्ड (पीएनजीआरबी) का सदस्य नियुक्त किया गया है।

सात अगस्त को जारी आधिकारिक आदेश के अनुसार मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति (एसीसी) ने सिंह और गेल के निदेशक (वित्त) अंजनी कुमार तिवारी को पीएनजीआरबी का सदस्य नियुक्त किया है।

सिंह ने सोमवार को पीएनजीआरबी में अपना पदभार ग्रहण कर लिया।

सूत्रों के अनुसार तिवारी ने फिलहाल अपना पदभार ग्रहण नहीं किया है क्योंकि उन्हें अभी गेल ने कार्य मुक्त नहीं किया है। वह वहां निदेशक (वित्त) हैं। उनका गेल में कार्यकाल नवंबर अंत तक है।

आदेश के अनुसार उनकी नियुक्ति कार्यभार संभालने की तारीख से पांच साल या 65 साल पूरा होने अथवा अगले आदेश तक, जो भी पहले हो, तक के लिये की गयी है।

सिंह के पास 35 साल का गैस क्षेत्र में काम करने का अनुभव है। वह पिछले साल जून में गेल से सेवानिवृत्त हुए और उनका कार्यकाल करीब पांच साल होगा।

पीएनजीआरबी तेल विपणन और गैस परिवहन तथा वितरण क्षेत्र का नियमन करता है।

नियामक में चेयरमैन के अलावा चार सदस्य होते हैं। एक सदस्य विधि क्षेत्र से होता है। इन नियुक्तियों से पहले, बोर्ड में कामकाज लगभग ठप हो गया था। इसका कारण पिछले चेयरमैन दिनेश के सर्राफ ने पिछले साल दिसंबर में अपना तीन साल का कार्यकाल पूरा कर लिया जबकि अन्य सदस्य अलग-अलग समय में सेवानिवृत्त हुए। अंतिम सदस्य एस पी गर्ग का कार्यकाल पिछले महीने समाप्त हो गया।

सरकारी खोज समिति ने जून में पूर्व बिजली सचिव संजीव नंदन सहाय को बोर्ड का प्रमुख चुना। उनकी नियुक्ति फिलहाल मंत्रिमंडल की नियुक्ति समिति के समक्ष विचाराधीन है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Gajendra Singh appointed member of oil and gas sector regulator PNGRB

कारोबार से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे