एआई शिखर सम्मेलनः राहुल गांधी ने कहा-तमाशा?, शशि थरूर बोले-बेहद शानदार, कहा-बड़े आयोजन में ‘‘कुछ छोटी-मोटी गड़बड़ियां’’ हो सकती...
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: February 20, 2026 15:07 IST2026-02-20T15:06:10+5:302026-02-20T15:07:41+5:30
कांग्रेस नेता शशि थरूर ने ‘इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट’ की प्रशंसा करते हुए कहा कि शुरुआती दिन ‘‘बेहद सफल’’ रहे और किसी भी बड़े आयोजन में ‘‘कुछ छोटी-मोटी गड़बड़ियां’’ हो सकती हैं।

file photo
नई दिल्लीः कांग्रेस नेता शशि थरूर ने एआई इम्पैक्ट समिट की प्रशंसा करते हुए कहा कि पहले दो दिन "बेहद सफल" रहे और किसी भी "बड़े आयोजन" में "कुछ गड़बड़ियां" हो सकती हैं। थरूर ने कहा कि राष्ट्रपतियों, प्रधानमंत्रियों और वैश्विक नेताओं की उपस्थिति प्रभावशाली रही, जो यह संदेश देना चाहते हैं कि कृत्रिम मेधा (एआई) के विकास में दुनिया एक नयी दिशा में आगे बढ़े। उनकी यह टिप्पणी कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी द्वारा दिल्ली में चल रहे एआई शिखर सम्मेलन को "अव्यवस्थित जनसंपर्क तमाशा" करार देने और वहां चीनी उत्पादों का प्रदर्शन करने का आरोप लगाने के एक दिन बाद आई है।
भाजपा ने 'एआई समिट' के 'सफल' संचालन के लिए मोदी की सराहना की, कांग्रेस की निंदा पर पलटवार किया
भारतीय जनता पार्टी ने बृहस्पतिवार को 'एआई इम्पैक्ट समिट' के "सफल" संचालन के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के "दूरदर्शी नेतृत्व" की सराहना की और कांग्रेस की आलोचना करते हुए कहा कि बुनियादी समझ की कमी वाले लोग ऐसी "शानदार उपलब्धि" को स्वीकार नहीं कर सकते।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता सुधांशु त्रिवेदी ने कहा कि भारत कृत्रिम बुद्धिमत्ता (एआई) क्रांति में एक प्रमुख प्रेरक शक्ति के रूप में उभरता दिख रहा है, जिसमें फ्रांसीसी राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों और अन्य वैश्विक नेताओं सहित 100 से अधिक देशों के प्रतिनिधि दुनिया की शीर्ष तकनीकी कंपनियों के प्रमुखों के साथ 'एआई समिट' में भाग ले रहे हैं।
भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता व्यापार-निवेश के नए रास्ते खोलेगा: मोदी और यूनानी समकक्ष
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और उनके यूनानी समकक्ष क्यारीकोस मित्सोटाकिस ने बृहस्पतिवार को इस बात पर सहमति जताई कि हाल ही में संपन्न भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौता (एफटीए) दोनों देशों के बीच व्यापार और निवेश के नए रास्ते खोलेगा। दोनों नेताओं ने 'इंडिया एआई इम्पैक्ट समिट' के दौरान एक बैठक की, जिसमें उन्होंने द्विपक्षीय रणनीतिक साझेदारी के संपूर्ण दायरे की समीक्षा की और पाया कि यह साझेदारी विभिन्न क्षेत्रों में लगातार गति से बढ़ रही है।
एआई के लाभ सभी तक पहुंचाने में अमेरिका-भारत साझेदारी की महत्वपूर्ण भूमिका : पिचाई
गूगल और उसकी मूल कंपनी अल्फाबेट इंक के मुख्य कार्यपालक अधिकारी (सीईओ) सुंदर पिचाई ने कहा कि अमेरिका-भारत साझेदारी की एआई के लाभ सभी लोगों तक और हर स्थान तक पहुंचाने में अहम भूमिका है। भारत और अमेरिका द्वारा ‘पैक्स सिलिका’ घोषणा-पत्र पर हस्ताक्षर से पहले कहा कि गूगल को दोनों देशों के बीच ‘‘रूपक और वास्तविक’’ तरीके से संपर्क सेतु के रूप में सेवा देने पर गर्व है।
प्रधानमंत्री मोदी ने दुनिया भर के प्रमुख सीईओ के साथ एआई पर की चर्चा
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने दुनिया भर के प्रमुख मुख्य कार्यपालक अधिकारियों (सीईओ) के साथ कृत्रिम मेधा (एआई) को जिम्मेदारी के साथ विस्तार देने और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने पर सार्थक चर्चा की।