शेखावाटी की हवेलियों का संरक्षण होगा, उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने कहा-मंडावा को विरासत संरक्षण मॉडल के रूप में विकसित
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 22, 2026 22:07 IST2026-01-22T22:07:02+5:302026-01-22T22:07:46+5:30
शेखावाटी की हवेलियों के संरक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा मंडावा को विरासत संरक्षण के मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दि

photo-lokmat
जयपुरः उपमुख्यमंत्री दिया कुमारी ने बृहस्पतिवार को ‘हेरिटेज’ बावड़ियों के संरक्षण को राजस्थान सरकार की प्राथमिकता बताते हुए कहा कि शेखावाटी की हवेलियों का संरक्षण होगा और मंडावा को इसके मॉडल के रूप में विकसित किया जाएगा। यहां पर्यटन एवं कला एवं संस्कृति विभाग के लंबित प्रकरणों की समीक्षा बैठक मंत्री दिया कुमारी की अध्यक्षता में हुई। इसमें उन्होंने शेखावाटी की हवेलियों के संरक्षण कार्य की प्रगति की जानकारी ली तथा मंडावा को विरासत संरक्षण के मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए।
एक सरकारी बयान के अनुसार दिया कुमारी ने राज्य की बावड़ियों के संरक्षण के लिए भी समग्र कार्य योजना बनाकर कार्य किये जाने के निर्देश दिए। बैठक के बाद उन्होंने संवाददाताओं से कहा कि राजस्थान में बावड़ियों के संरक्षण के लिए बेहतरीन काम हो रहा है। उन्होंने कहा,‘‘हमारी कई बावड़ियों पर पहले से ही संरक्षण के काम किये जा रहे हैं। उनमें से कुछ काम हो भी चुके हैं।
बावड़ियों के संरक्षण के लिए हम उन सब कार्यों का दस्तावेज तैयार कर रहे हैं। उसी के आधार पर राज्य में आगे और कौन-कौन सी बावड़ियों का संरक्षण किया जा सकता है-- इसके लिए भी कार्य योजना बनाकर कार्य किया जाएगा।’’ उपमुख्यमंत्री ने कहा कि राजस्थान में आने वाले पर्यटकों के लिए सभी तरीके की पर्यटन सुविधाओं का विकास हो-- इस पर केंद्रित होकर कार्य किये जा रहे हैं।