कोल इंडिया ने बिजली संयंत्रों को बढ़ाई कोयला आपूर्ति, पिछले साल के मुकाबले 20 प्रतिशत वृद्धि

By भाषा | Updated: September 10, 2021 17:36 IST2021-09-10T17:36:06+5:302021-09-10T17:36:06+5:30

Coal India increased coal supply to power plants, 20% increase over last year | कोल इंडिया ने बिजली संयंत्रों को बढ़ाई कोयला आपूर्ति, पिछले साल के मुकाबले 20 प्रतिशत वृद्धि

कोल इंडिया ने बिजली संयंत्रों को बढ़ाई कोयला आपूर्ति, पिछले साल के मुकाबले 20 प्रतिशत वृद्धि

नयी दिल्ली, 10 सितंबर सार्वजनिक क्षेत्र की कोल इंडिया ने शुक्रवार को कहा कि उसने इस महीने के पहले आठ दिन में बिजली क्षेत्र को कोयले की आपूर्ति बढ़ायी है। इस दौरान प्रतिदिन औसतन 13.9 लाख टन कोयले की आपूर्ति की गयी। यह सालाना आधार पर लगभग 20 प्रतिशत अधिक है।

देश में विभिन्न बिजलीघरों में कोयले की कमी के बीच कोल इंडिया का यह बयान महत्वपूर्ण है।

कोल इंडिया ने एक बयान में कहा, ‘‘कंपनी ने सितंबर के पहले आठ दिनों में बिजली क्षेत्र को कोयले की आपूर्ति बढ़ायी है। इस दौरान औसतन 13.9 लाख टन कोयले की आपूर्ति प्रतिदिन की गयी। यह सालाना आधार पर लगभग 20 प्रतिशत अधिक है।’’

पिछले साल सितंबर माह के दौरान इसी अवधि में औसतन आपूर्ति प्रतिदिन 11.6 लाख टन थी।

सार्वजनिक क्षेत्र की कंपनी ने कहा, ‘‘हमारा आगे कुल कोयला आपूर्ति को बढ़ाकर 18 लाख टन और बिजली क्षेत्र के लिये 14.5 लाख टन प्रतिदिन करने का लक्ष्य है।’’

कोल इंडिया की ई-नीलामी बुकिंग में अप्रैल-अगस्त के दौरान 42 प्रतिशत की वृद्धि हुई। इसका कारण कोयला आधारित बिजली उत्पादन संयंत्रों की मांग में वृद्धि तथा अंतरराष्ट्रीय बाजार में कोयले की कीमतों में तेजी है।

यह बुकिंग कोविड-पूर्व वर्ष 2019 में अप्रैल-अगस्त के दौरान की गयी लगभग दो करोड़ टन की बुकिंग के मुकाबले दोगुने से भी अधिक है।

कोल इंडिया ने वित्त वर्ष 2021-22 में पहले पांच महीने (अप्रैल-अगस्त) के दौरान पांच नीलामी श्रेणियों में 5.33 करोड़ टन कोयले की बुकिंग की। यह बुकिंग 2020-21 में की गयी 3.75 करोड़ टन से करीब 1.6 करोड़ टन अधिक है।

Disclaimer: लोकमत हिन्दी ने इस ख़बर को संपादित नहीं किया है। यह ख़बर पीटीआई-भाषा की फीड से प्रकाशित की गयी है।

Web Title: Coal India increased coal supply to power plants, 20% increase over last year

कारोबार से जुड़ीहिंदी खबरोंऔर देश दुनिया खबरोंके लिए यहाँ क्लिक करे.यूट्यूब चैनल यहाँ इब करें और देखें हमारा एक्सक्लूसिव वीडियो कंटेंट. सोशल से जुड़ने के लिए हमारा Facebook Pageलाइक करे