एक अप्रैल 2026 से जनगणना, 33 प्रश्नों की सूची जारी, देखिए लिस्ट
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: January 22, 2026 23:17 IST2026-01-22T23:14:21+5:302026-01-22T23:17:03+5:30
जनगणना 2027 का पहला चरण - घरों की सूची तैयार करने का अभियान - इस वर्ष एक अप्रैल से 30 सितंबर के बीच प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश द्वारा निर्दिष्ट 30 दिनों की अवधि के दौरान होगा।

Census
नई दिल्लीः केंद्र सरकार ने बृहस्पतिवार को 33 प्रश्नों की सूची जारी की, जो एक अप्रैल से शुरू होने वाले जनगणना के पहले चरण के दौरान नागरिकों से पूछे जाएंगे। बृहस्पतिवार को प्रकाशित एक राजपत्र अधिसूचना में, भारत के रजिस्ट्रार जनरल मृत्युंजय कुमार नारायण ने घर के फर्श और छत में प्रयुक्त सामग्री, वहां रहने वाले विवाहित जोड़ों की संख्या, घर का मुखिया पुरुष है या महिला, उपभोग किए जाने वाले अनाज का प्रकार, बुनियादी एवं आधुनिक आवश्यकताओं तक पहुंच और स्वामित्व वाले वाहनों के प्रकार जैसे प्रश्न सूचीबद्ध किए हैं।
अधिसूचना में कहा गया है, ‘‘केंद्र सरकार निर्देश देती है कि सभी जनगणना अधिकारी, भारत की जनगणना 2027 के संबंध में आवास गणना और घर-सूचीकरण के माध्यम से जानकारी एकत्र करने के लिए उक्त सभी सूचीबद्ध प्रश्न पूछ सकते हैं।’’ प्रश्नों की शुरुआत भवन संख्या, मकान के फर्श, दीवारों और छत में प्रयुक्त मुख्य सामग्री के बारे में पूछकर की जाएगी।
इसके बाद जनगणना अधिकारी मकान के उपयोग, उसकी स्थिति और उसमें रहने वाले व्यक्तियों की संख्या के बारे में पूछेंगे। जनगणना अधिकारी मकान के मुखिया के बारे में भी जानकारी एकत्र करेंगे, जैसे नाम और वे महिला हैं या पुरुष, क्या मुखिया अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति या अन्य समुदायों से संबंधित है और संपत्ति का स्वामी कौन है। जनगणना 2027 का पहला चरण - घरों की सूची तैयार करने का अभियान - इस वर्ष एक अप्रैल से 30 सितंबर के बीच प्रत्येक राज्य और केंद्र शासित प्रदेश द्वारा निर्दिष्ट 30 दिनों की अवधि के दौरान होगा।