Budget 2021: बीते 24 साल में सबसे बड़ी उछाल, बजट के दिन सेंसेक्स 2,315 अंक चढ़ा
By राजेन्द्र सिंह गुसाईं | Updated: February 1, 2021 17:16 IST2021-02-01T16:57:43+5:302021-02-01T17:16:51+5:30
कारोबार के दौरान बाजार ने बजट पर सकारात्मक प्रतिक्रिया दी। बजट में बुनियादी संरचना और स्वास्थ्य सेवा क्षेत्र पर अधिक खर्च का प्रावधान किये जाने का निवेशकों ने स्वागत किया...

बजट के दिन यह सेंसेक्स में 24 सालों की सबसे बड़ी उछाल है।
Budget 2021 Market Updates: वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 1 फरवरी को वित्त वर्ष 2021-22 का आम बजट पेश किया, जिसके बाद शेयर बाजार में रिकॉर्ड तोड़ तेजी आई है।
शेयर बाजार ने किया बजट का जोरदार स्वागत
शेयर बाजारों ने वृद्धि को बढ़ावा देने पर केंद्रित बजट का जबरदस्त स्वागत किया। बजट से उपजे उत्साह के दम पर वित्तीय कंपनियों की अगुवाई में सोमवार को सेंसेक्स 2,315 अंक चढ़ गया।
बजट के दिन 1997 में दिखा था इतना बड़ा उछाल
मोदी सरकार के अब तक के नौ बजट में पहली बार सेंसेक्स में इतनी तेजी दर्ज की गई है। बजट के दिन बाजार में इतनी बड़ी तेजी आखिरी बार 1997 में देखने को मिली थी, जब सेंसेक्स 6% ऊपर बंद हुआ था।
कारोबार के दौरान सेंसेक्स एक समय 48,764.40 अंक के दिन के उच्चतम स्तर पर पहुंच गया था। अंत में यह 2,314.84 अंक यानी पांच प्रतिशत की बढ़त के साथ 48,600.61 अंक पर बंद हुआ। इसी तरह एनएसई का निफ्टी भी 646.60 अंक यानी 4.74 प्रतिशत बढ़कर 14,281.20 अंक पर बंद हुआ।
इंडसइंड बैंक सर्वाधिक फायदे में
सेंसेक्स की कंपनियों में इंडसइंड बैंक सर्वाधिक 14 प्रतिशत से अधिक फायदे में रहा। आईसीआईसीआई बैंक, बजाज फिनसर्व, भारतीय स्टेट बैंक, एलएंडटी और एचडीएफसी के शेयरों में तेजी रही।
इनके विपरीत डॉ रेड्डीज, टेक महिंद्रा और हिंदुस्तान यूनिलीवर के शेयर गिरावट में रहे। कारोबारियों ने कहा कि वैश्विक बाजारों की तेजी के दम पर भारतीय बाजार बढ़त में खुले।
(भाषा इनपुट के साथ)