Botswana Second-biggest diamond: 2492 कैरेट का विशाल हीरा, दूसरा सबसे बड़ा रत्न, जानें पहले पायदान पर कौन हीरा!
By लोकमत न्यूज़ डेस्क | Updated: August 22, 2024 16:42 IST2024-08-22T16:40:35+5:302024-08-22T16:42:04+5:30
Botswana Second-biggest diamond: ब्राजील में 1800 के दशक के अंत में एक बड़ा काला हीरा खोजा गया था, लेकिन यह सतह पर पाया गया था और माना जाता था कि यह उल्कापिंड का हिस्सा था।

file photo
Botswana Second-biggest diamond: बोत्सवाना ने दावा किया है कि अब तक का सबसे बड़ा हीरा उसकी एक खदान से प्राप्त हुआ है और बृहस्पतिवार को इसे सार्वजनिक रूप से प्रदर्शित किया जाएगा। बोत्सवाना की सरकार का मानना है कि 2,492 कैरेट का यह विशाल रत्न देश में खोजा गया सबसे बड़ा प्राकृतिक हीरा और किसी खदान से निकाला गया दूसरा सबसे बड़ा रत्न है। कनाडा की खनन कंपनी लुकारा डायमंड कॉर्प ने बुधवार को एक बयान में कहा कि उसने पश्चिमी बोत्सवाना में अपनी कारोवे खदान से ‘असाधारण’ हीरा बरामद किया है।
लुकारा ने बताया कि यह ‘उच्च गुणवत्ता वाला’ हीरा है और इसे एक्स-रे तकनीक की मदद से खोजा गया। वजन के लिहाज से यह गत 100 से अधिक वर्षों में पाया गया सबसे बड़ा हीरा है, तथा 1905 में दक्षिण अफ्रीका में खोजे गए कलिनन हीरे के बाद यह खदान से निकाला गया दूसरा सबसे बड़ा हीरा है। कलिनन हीरा 3,106 कैरेट का था और इसे कई टुकड़े कर तराशा गया।
जिनमें से कुछ ब्रिटिश शाही आभूषणों का हिस्सा हैं। ब्राजील में 1800 के दशक के अंत में एक बड़ा काला हीरा खोजा गया था, लेकिन यह सतह पर पाया गया था और माना जाता था कि यह उल्कापिंड का हिस्सा था। बोत्सवाना हीरे का दूसरा सबसे बड़ा उत्पादक है और हाल के वर्षों में दुनिया के सभी सबसे बड़े हीरों की खोज यहीं हुई है।