नई दिल्लीः कमजोर डॉलर और वॉशिंगटन और तेहरान के दो हफ़्ते के युद्धविराम पर सहमत होने के बाद राहत के कारण बुधवार को वायदा कारोबार में सोने की कीमतें 3,007 रुपये बढ़कर 1.53 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम हो गईं। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज में जून माह में आपूर्ति वाले अनुबंध का भाव 3,007 रुपये यानी दो प्रतिशत की तेजी के साथ 1,53,296 रुपये प्रति 10 ग्राम हो गया।स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को जोरदार तेजी आई और बीएसई सेंसेक्स 2,946 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 24,000 अंक के करीब पहुंच गया।
पश्चिम एशिया में दो सप्ताह के युद्ध विराम से वैश्विक बाजारों में तेजी और कच्चे तेल के दाम में नरमी से घरेलू बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा। बाजार में लगातार पांचवें दिन तेजी रही। तीस शेयरों पर आधारित बीएसई सेंसेक्स 2,946.32 अंक यानी 3.95 प्रतिशत बढ़कर 77,562.90 अंक पर बंद हुआ। कारोबार के दौरान, एक समय यह 3,018.96 अंक चढ़कर 77,635.54 अंक पर पहुंच गया था।
स्थानीय शेयर बाजारों में बुधवार को जोरदार तेजी आई और बीएसई सेंसेक्स 2,946 अंक चढ़ गया, जबकि एनएसई निफ्टी 24,000 अंक के करीब पहुंच गया। पश्चिम एशिया में दो सप्ताह के युद्ध विराम की घोषणा से वैश्विक बाजारों में तेजी और कच्चे तेल के दाम में नरमी से घरेलू बाजार पर सकारात्मक प्रभाव पड़ा।
अदाणी समूह के शेयरों में तेजी, अदाणी ग्रीन 11 प्रतिशत चढ़ा
शेयर बाजार में आई तेजी के साथ ही बुधवार को अदाणी समूह के शेयरों में भी उछाल देखने को मिला। अदाणी ग्रीन का शेयर 11 प्रतिशत से अधिक चढ़ गया जबकि अदाणी एनर्जी सॉल्यूशंस में 8.78 प्रतिशत की तेजी दर्ज की गई। अमेरिका की एक अदालत ने अदाणी समूह के चेयरमैन गौतम अदाणी की याचिका को सुनवाई को स्वीकार कर लिया है। इस याचिका में अमेरिकी प्रतिभूति एवं विनिमय आयोग (एसईसी) की तरफ से दायर धोखाधड़ी मामला खारिज करने का अनुरोध किया गया है।
रुपया 47 पैसे की बढ़त के साथ 92.59 प्रति डॉलर पर
रुपया बुधवार को 47 पैसे की बढ़त के साथ 92.59 (अस्थायी) प्रति डॉलर पर रहा। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के ईरान के खिलाफ दो सप्ताह के लिए सैन्य हमले स्थगित करने की घोषणा करने और भारतीय रिजर्व बैंक के प्रमुख नीतिगत दरों को अपरिवर्तित रखने के फैसले से घरेलू मुद्रा को बल मिला है।
प्रधानमंत्री की आर्थिक सलाहकार परिषद (ईएसी-पीएम) के चेयरमैन एस महेंद्र देव ने बुधवार को कहा कि भारतीय रुपया अमेरिकी डॉलर के मुकाबले 92-93 के स्तर पर स्थिर होने की उम्मीद है। उन्होंने भरोसा जताया कि वैश्विक तनाव कम होने और मजबूत आर्थिक बुनियाद के कारण निकट भविष्य में विदेशी निवेश बढ़ेगा।
इंदौर में सोना, चांदी के भाव में तेजी
स्थानीय सर्राफा बाजार में बुधवार को सोना 1700 रुपये प्रति 10 ग्राम चढ़ गया जबकि चांदी के भाव में 8500 रुपये प्रति किलोग्राम की तेजी रही। कारोबारियों के अनुसार औसत भाव इस प्रकार रहे। स्थानीय खाद्य तेल बाजार में बुधवार को मूंगफली तेल 30 रुपये एवं सोयाबीन रिफाइंड तेल के भाव में 25 रुपये प्रति 10 किलोग्राम की गिरावट आई। तिलहन में रायड़ा 300 रुपये प्रति क्विंटल सस्ता बिका।