सिंगर हनी सिंह पर पत्नी शालिनी ने किया घरेलू हिंसा का केस, कोर्ट ने 28 अगस्त तक मांगा जवाब
By अभिषेक पारीक | Updated: August 3, 2021 18:55 IST2021-08-03T18:24:24+5:302021-08-03T18:55:05+5:30
बॉलीवुड के जाने माने सिंगर यो यो हनी सिंह एक बार फिर कानूनी मामले में फंसते नजर आ रहे हैं। हनी सिंह के खिलाफ उनकी पत्नी शालिनी तलवार ने घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है।

हनी सिंह और शालिनी तलवार। (फाइल फोटो)
बॉलीवुड के जाने माने सिंगर यो यो हनी सिंह एक बार फिर कानूनी मामले में फंसते नजर आ रहे हैं। हनी सिंह के खिलाफ उनकी पत्नी शालिनी तलवार ने घरेलू हिंसा का मामला दर्ज कराया है। शालिनी ने घरेलू हिंसा से महिला संरक्षण अधिनियम 2005 के तहत दिल्ली के तीस हजारी कोर्ट में अपने पति के खिलाफ याचिका दायर की है।
शालिनी ने तीस हजारी कोर्ट में मुख्य मेट्रोपोलिटियन मजिस्ट्रेट तानिया सिंह के समक्ष आज मामला दर्ज कराया है। जिसके बाद मेट्रोपोलिटियन मजिस्ट्रेट की ओर से हनी सिंह को नोटिस जारी किया गया है। जिसमें उनसे मामले में जवाब तलब किया गया है। इस मामले में अभी तक हनी सिंह ने आरोपों को लेकर कोई बयान जारी नहीं किया है।
Case filed against Bollywood singer & actor 'Yo Yo Honey Singh (Hirdesh Singh) by his wife Shalini Talwar under the Protection of Women from Domestic Violence Act. Delhi's Tis Hazari Court has issued notice to the singer and sought his response over it
— ANI (@ANI) August 3, 2021
(file photo) pic.twitter.com/dvGQ0QOQZD
कोर्ट ने 28 अगस्त तक उन्हें अपना जवाब दाखिल करने के लिए कहा गया है। इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, शालिनी तलवार के वकील संदीप कपूर, अपूर्वा पांडे और जीजी कश्यप कोर्ट में पेश हुए। उन्होंने शालिनी तलवार की शिकायत को मजिस्ट्रेट के समक्ष पेश किया। साथ ही कोर्ट की ओर से शालिनी तलवार के पक्ष में एक अंतरिम आदेश जारी किया गया है, जिसमें हनी सिंह संयुक्त स्वामित्व वाली संपत्ति को बेचने पर रोक लगाई गई है।
ये हैं आरोप
अपनी याचिका में शालिनी तलवार ने हनी सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए हैं। इनमें शारीरिक हिंसा, यौन हिंसा, मानसिक रूप से उत्पीड़ित करने और आर्थिक हिंसा के आरोप हैं। हनी सिंह के साथ ही उनके माता-पिता और बहन को भी आरोपी बनाया गया है। शालिनी ने स्त्रीधन वापस करने के लिए भी याचिका में कहा है।
रियलिटी शो में पत्नी को मिलवाया
साल 2014 में हनी सिंह ने रियलिटी शो इंडियाज रॉस्टार के एक एपिसोड में अपनी पत्नी को दर्शकों से मिलवाया था। उस दौरान बहुत से लोग हैरान हो गए थे। दोनों ने कई सालों की दोस्ती के बाद शादी कर ली थी।