अस्पताल में भर्ती हुईं दिग्गज कोरियोग्राफर सरोज खान, सांस लेने में हो रही थी परेशानी
By मनाली रस्तोगी | Published: June 23, 2020 08:35 PM2020-06-23T20:35:18+5:302020-06-23T20:35:18+5:30
दिग्गज बॉलीवुड कोरियोग्राफर सरोज खान (Saroj Khan) को बांद्रा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। दरअसल, उन्हें सांस लेने में तकलीफ हो रही थी।
दिग्गज बॉलीवुड कोरियोग्राफर सरोज खान (Saroj Khan) को सांस लेने की समस्या की शिकायत के बाद बांद्रा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया। सूत्र के अनुसार, उन्हें कुछ दिनों पहले भी सांस लेने में दिक्कत होने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
सांस लेने में हो रही थी दिक्कत
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक ताजा रिपोर्ट के मुताबिक, सरोज खान के एक करीबी ने बताया, 'कुछ दिनों पहले सांस लेने की समस्या की शिकायत के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया गया था। हम उनकी सेहत को लेकर चिंतित थे, लेकिन शुक्र है कि उन्हें कोरोना वायरस नहीं हुआ है। वह अब बेहतर महसूस कर रही हैं। आशा है कि कल तक उन्हें छुट्टी मिल जाएगी।'
वहीं, सरोज के वर्क फ्रंट की बात करें तो उन्होंने आखिरी बार कंगना रनौत (Kangana Ranaut) स्टारर फिल्म 'मणिकर्णिका: द क्वीन ऑफ झांसी' के लिए कोरियोग्राफी की थी। इसके अलावा उन्होंने साल 2019 में फिल्ममेकर करण जौहर (Karan Johar) की मल्टी-स्टारर फिल्म 'कलंक' के लिए भी कोरियोग्राफी की थी।